रांची। रेलवे विभाग यात्रियों की सुरक्षा को लेकर ऑपरेशन यात्री सुरक्षा अभियान चला रहा है। इसके तहत आरपीएफ रांची ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए बच्चे के गले से छीना गया सोने का लॉकेट बरामद कर आरोपित को गिरफ्तार किया है। इस कार्रवाई को आरपीएफ पोस्ट, डिविजनल टीओपीबी टीम और रांची क्राइम इंटेलिजेंस ब्रांच (सीआईबी) की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया है।

आरपीएफ से मिली जानकारी के अनुसार, रांची रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म संख्या 4/5 पर ट्रेन संख्या 18603 एक्सप्रेस में अपने परिवार को विदा करने पहुंचे एक यात्री के बच्चे के गले से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट किसी अज्ञात सख्श ने छीन लिया था। घटना के बाद यात्री अजय कुमार सिन्हा ने इसकी शिकायत रेलवे सुरक्षा बल से की थी। शिकायत मिलते ही आरपीएफ ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी।

घटना के बाद रेलवे स्टेशन परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला। फुटेज की जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान की गई। इसके बाद आरपीएफ की टीम लगातार उसकी गतिविधियों पर नजर बनाए हुए थी। इसी क्रम में गुरुवार को सीसीटीवी स्टाफ से मिली सूचना के आधार पर आरपीएफ और सीआईबी रांची की संयुक्त टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या ०1 पर घेराबंदी कर संदिग्ध युवक को पकड़ लिया।

पूछताछ में युवक ने अपना नाम ऋतिक मिश्रा बताया, जो बोकारो जिला का रहने वाला है। तलाशी के दौरान उसके पास से भगवान हनुमान की आकृति वाला सोने का लॉकेट, एक काला बटुआ और पैन कार्ड की प्रति बरामद की गई है। बाद में शिकायतकर्ता अजय कुमार सिन्हा ने बरामद लॉकेट की पहचान अपने बच्चे के लॉकेट के रूप में की। पूछताछ के दौरान आरोपित ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है।

आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी रांची को सौंप दिया गया है। जीआरपी की ओर से संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाया जा रहा है।

रेलवे सुरक्षा बल की इस त्वरित कार्रवाई की यात्रियों और आम लोगों ने सराहना की है। अधिकारियों का कहना है कि यात्रियों की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण को लेकर रेलवे लगातार सतर्क है और भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे। आरपीएफ पोस्ट रांची के निरीक्षक शिशुपाल कुमार ने कहा कि ‘रेल यात्रियों की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।

‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ के तहत स्टेशन परिसर और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है। शिकायत मिलते ही हमारी टीम ने तत्परता से कार्रवाई करते हुए सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपित की पहचान करते हुए उसे गिरफ्तार कर सोने का लॉकेट बरामद किया। भविष्य में भी यात्रियों की सुरक्षा को लेकर इसी तरह सख्ती और सतर्कता बरती जाएगी।

इस पूरी कार्रवाई में आरपीएफ पोस्ट के निरीक्षक शिशुपाल कुमार, उप निरीक्षक अश्वनी कुमार, स्टाफ मयंक सिंह, एएसआई अनिल कुमार, स्टाफ राज कुमार सिंह, हेमंत सहित अन्य की अहम भूमिका रही।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version