
पटना। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मां के खिलाफ अपशब्दों के विरोध में राजग के बिहार बंद का व्यापक असर दिखा। पटना, सीवान, कटिहार, बांका, अररिया और दरभंगा में राजग कार्यकतार्ओं ने सड़क जाम, दुकानें बंद कराईं और राहुल गांधी व तेजस्वी यादव के खिलाफ नारेबाजी की। पटना में भाजपा और जदयू कार्यकर्ताओं ने शहर भर के प्रमुख चौराहों पर विरोध प्रदर्शन किया। इसमें प्रदेश भाजपा अध्यक्ष दिलीप जयसवाल, भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद और संजीव चौरसिया ने हिस्सा लिया। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि इतनी बेशर्मी क्यों ? आप प्रधानमंत्री के खिलाफ टिप्पणी करते हैं और आपके मुंह से एक भी शब्द नहीं निकलता है? अगर हमारा कार्यकर्ता होता तो हम कार्रवाई करते हुए माफी मांगते” । भाजपा नेता ने तेजस्वी यादव की उस टिप्पणी का भी जवाब दिया, जिसमें उन्होने कहा था कि उनकी मां (राबड़ी देवी) के लिए भी अपशब्दों का इस्तेमाल हुआ था। रविशंकर प्रसाद ने कहा कि आपकी मां पूर्व मुख्यमंत्री हैं। यह राजनीतिक है। क्या हम भी गिनाएं कि राहुल गांधी और विपक्ष के लोगों ने 100 से अधिक बार प्रधानमंत्री के लिए आपत्तिजनक भाषा का इस्तेमाल किया।
बंद के दौरान राजधानी पटना में जगह-जगह पर भाजपा और राजग दलों के कार्यकतार्ओं ने सड़कों पर बैठ कर विरोध प्रदर्शन किया। डाकबंगला चौक और आयकर गोलंबर पर सुबह से ही राजग कार्यकर्ता जमा हो गए थे। इसका असर सरकारी कार्यालयों सहित रोजमर्रा के काम पर जाने वाले लोगों पर भी दिखा । तहत सीवान में भी राजग कार्यकर्ता सड़कों पर उतरे। कार्यकर्ताओं ने वाहनों का परिचालन बंद करा दिया। यहां दुकाने भी पूरी तरह बंद रही।
कटिहार में पूर्व उप मुख्यमंत्री तारकिशोर प्रसाद बंद में शामिल हुये। इस दौरान कई जगहों पर वाहनों की लंबी कतार से जाम लग गया। प्रसाद के साथ नगर निगम की मेयर उषा देवी अग्रवाल और राजग कार्यकर्ताओं ने मिर्चाईबारी बजरंग बली चौक पर टायर जलाकर विरोध जताया और राहुल गांधी एवं तेजस्वी यादव के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। बांका के पंजवारा में भी बंद का खासा असर दिखा। अररिया में क्षेत्र के सांसद प्रदीप कुमार सिंह ने बंद में भाग लेकर दुकानों को बंद कराया।
चांदनी चौक के गोलंबर पर चढ़कर उन्होंने समर्थकों के साथ मिलकर विपक्षी नेताओं के खिलाफ प्रदर्शन किया। इस दौरान भाजपा कार्यकतार्ओं ने राहुल गांधी और तेजस्वी प्रसाद के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। दरभंगा के भागलपुर में भी बिहार बंद का असर देखने को मिला। सुबह से ही राजग घटक दल के कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर दुकानों और यातायात को बंद कराने में जुटे रहे। इस दौरान राज्यसभा की पूर्व सदस्य एवं जदयू नेत्री कहकशां परवीन, भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष साह, दीपक सिंह, कुश पांडे, रोहित पांडे, ईं श्रीकांत कुशवाहा सहित कई राजग नेता सड़कों पर उतरे और विरोध जताया।
