
रांची। हरमू बाईपास रोड स्थित राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के प्रदेश कार्यालय में युवा राजद अध्यक्ष ने शनिवार को प्रेस वार्ता कर यह घोषणा की है कि नगर निकाय चुनाव में राजद रांची के मेयर पद की प्रत्याशी सुजाता कच्छप का समर्थन करेगा। राजद झारखंड में महागठबंधन दल का सदस्य है। महागठबंधन के घटक दल कांग्रेस की समर्थित प्रत्याशी रमा खलखो मेयर पद पर चुनाव मैदान में हैं। ऐसी स्थिति में दोनों दलों के बीच इसे खटास के तौर पर देखा जा सकता है।
युवा राजद अध्यक्ष रंजन कुमार यादव ने कहा कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव, कार्यकारी अध्यक्ष तेजस्वी यादव व झारखंड के प्रदेश अध्यक्ष संजय सिंह यादव के निर्देश पर यह निर्णय लिया गया है।
रांची नगर निगम के मेयर पद की प्रत्याशी सुजाता कच्छप वार्ड नंबर सात से तीन बार पार्षद रह चुकी हैं। इस बार के नगर निकाय चुनाव में वार्ड सात से पार्षद के उम्मीदवार के साथ-साथ रांची मेयर पद पर अपनी दावेदारी प्रस्तुत की हैं। राजद ने सुजाता कच्छप के पिछले पार्षद के कार्यकाल को देखते हुए उनको समर्थन दिया है। उन्होंने वार्ड संख्या सात में अनेक विकास कार्य कर उसे उत्तम वार्ड बनाया है। प्रेस वार्ता के मौके पर युवा राजद के प्रधान महासचिव शौकत अंसारी, उपाध्यक्ष जफीर खान, मंतोष यादव, धर्मेंद्र सिंह, सुधीर गोप आदि मौजूद थे।

