पटना । बिहार की राजधानी पटना में एक रिटायर्ड इंजीनियर की गोली लगी लाश उनकी कार में ही मिली। घटना राजीव नगर की फ्रेंड्स कॉलोनी के रोड नंबर 4 की है। लोगों ने सुबह के करीब 5:30 बजे फायरिंग की आवाज सुनी। इसके बाद कॉलोनी के लोग मौके पर पहुंचे तो देखा कि ड्राइविंग सीट पर एक शख्स की लाश पड़ी है। मृतक रिटायर्ड इंजीनियर आलोक कुमार थे, जो मोतिहारी के रहने वाले थे, लेकिन रांची में अपना घर बनाकर रह रहे थे। लोग जब उनकी कार के पास पहुंचे तो ड्राइविंट सीट की तरफ वाला दरवाजा खुला हुआ था। आलोक कुमार उसी सीट पर लुढ़के पड़े थे। रांची के कांके रोड में रहने वाले आलोक कुमार 3 दिन पहले ही अपनी बहन से मिलने पटना आए थे। वो उनके फ्रेंड्स कॉलोनी वाले घर में ही रुके थे। सीसीएल में जनरल मैनेजर के पद से रिटायर हुए थे।

कार की ड्राइविंग सीट पर मिली गोली लगी लाश: रोज सुबह आलोक कुमार मॉर्निंग वॉक के लिए जाया करते थे। बहन के यहां आने के बाद भी वो अपनी दिनचर्या के अनुसार राजीव नगर में मॉर्निंग वॉक के लिए निकले थे। लेकिन घर वापस नहीं लौटे। थोड़ी ही देर बार पता चला कि उनकी लाश मिली है। उनकी बहन और बाकी घरवाले खबर सुनते ही मौके की तरफ दौड़े और उनका शव देखते ही रोने लगे।

घरवालों का कहना है कि आलोक अपनी जिंदगी से बेहद खुश थे और रिटायरमेंट के बाद अपना जीवन हंसी खुशी गुजार रहे थे। उन्हें किसी तरह का कोई तनाव नहीं था। जिंदगी आम लोगों की तरह ही चल रही थी। चर्चा होने लगी कि कहीं उन्होंने आत्महत्या तो नहीं की। इस पर घरवालों ने कहा कि ये आत्महत्या नहीं बल्कि हत्या है और पूरे प्लांड तरीके से रिटायर्ड इंजीनियर आलोक कुमार का मर्डर किया गया है।

पुलिस को कार के बाहर एक पिस्टल मिली : वहीं पटना पुलिस की टीम वारदात की खबर मिलते ही मौके पर पहुंची। कार के बाहर पड़े एक पिस्टल को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया है। वारदात की जगह पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया और वहां से सुराग ढूंढने के साथ मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बड़ी बात ये है कि उनकी कार में कई जगहों पर चोट और रगड़ के निशान भी मिले हैं। पुलिस इन सभी एंगल को ध्यान से देख रही है। वहीं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को भी खंगाला जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version