
पटना। भारतीय प्रशासिनक सेवा के आधा दर्जन अधिकारियों को नई जिम्मेवारी दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने शुक्रवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की। मुख्यमंत्री सचिवालय में संयुक्त सचिव के रूप में पदस्थापित गुंजन सिंह निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क बनायी गई हैं। वह बिहार राज्य संवाद समिति की प्रबंध निदेशक के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगी। विशेष सचिव, मद्य निषेध, उत्पाद एवं निबंधन तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के सचिव नवीन कुमार को प्रबंध निदेशक बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकार (बियाडा) के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।इस नई व्यवस्था के बाद उद्योग विभाग के सचिव कुंदन कुमार बियाडा के प्रबंध निदेशक के प्रभार से मुक्त हो गए हैं।सूचना एवं जनसंपर्क विभाग मे अपर सचिव के रूप में तैनात विवेक रंजन मैत्रेय को निदेशक, खेल के रूप में पदस्थापित किया गया है। इस व्यवस्था के तहत राज्य परिवहन आयुक्त आरिफ अहसन निदेशक, खेल के अतिरिक्त प्रभार से मुक्त हो जाएंगे। निदेशक सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, अनिल कुमार को बिहार राज्य भवन निर्माण निगम का प्रबंध निदेशक बनाया गया है।पथ निर्माण विभाग में संयुक्त सचिव के रूप में तैनात अभिषेक पलसिया को बिहार शैक्षणिक आधारभूत संरचना विकास निगम लिमिटेड का प्रबंध निदेशक बनाया गया है। वह सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के संयुक्त सचिव के अतिरिक्त प्रभार में भी रहेंगे।
