रांची। राजधानी रांची के हरमु स्थित विद्यानगर में तीन दिवसीय शिव हनुमान मंदिर का जीर्णोद्धार सह प्राण प्रतिष्ठा 17 से शुरू होकर 19 जनवरी तक चलेगा। कार्यक्रम के पहले दिन 17 जनवरी को प्रात: 8.00 बजे से प्रायश्चित संस्कार के तुरंत बाद जल यात्रा (कलश यात्रा) प्रारम्भ की जाएगी, जो विद्यानगर स्थित शिव हनुमान मंदिर से शुरू होकर हरमू चौक स्थित पंच मंदिर तक जाएगी। फिर वापस हरमू स्थित पंच मंदिर से जल लेकर विद्यानगर स्थित शिव हनुमान मंदिर में आकर पूर्ण होगी। इस कलश यात्रा में लगभग 700 महिलाओं के शामिल होने की संभावना है। इसके बाद मंडप प्रवेश, पंचांग पूजन, हवन और संध्या आरती के पश्चात प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा।

कार्यक्रम के दूसरे दिन 18 जनवरी को प्रात: 8.00 बजे बेदी पूजन से शुरू होगा। फिर मूर्तियों का अधिवास, न्यास के बाद नगर भ्रमण करते हुए शय्या अधिवास और हवन के साथ के बाद संध्या आरती और प्रसाद वितरण का कार्यक्रम होगा। कार्यक्रम के अंतिम दिन 19 जनवरी को प्रात: 8.00 बजे से बेदी पूजन के तुरंत बाद मूर्तियों का प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। फिर हवन और पूणार्हुति के बाद में महाआरती के साथ भंडारा और रात्रि जागरण का कार्यक्रम किया जाएगा।

श्री शिव हनुमान मंदिर समिति के अध्यक्ष महाबीर सिंह ने बुधवार को कहा कि यह कार्यक्रम विद्यानगर के लिये एक ऐतिहासिक कार्यक्रम होगा, जिसमें पूरे रांची से काफी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। साथ ही यहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होगी। इसके लिये समिति के सैकड़ों कार्यकर्ता पूरे लगन से दिन-रात मेहनत कर रहे हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version