
रांची। झारखंड विधानसभा चुनाव से पहले भारतीय जनता पार्टी ने मास्टर स्ट्रोक खेल दिया है। बीजेपी ने डॉ. रविंद्र कुमार राय को बीजेपी झारखंड प्रदेश का कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें कि रविंद्र कुमार राय पूर्व में सांसद रहे हैं। बीते दिनों रविंद्र कुमार राय के जेएमएम में जाने की अफवाह भी उड़ी थी।
डॉ रविंद्र राय झारखंड भाजपा के अध्यक्ष भी रह चुके हैं। जब बाबूलाल मरांडी ने भाजपा छोड़कर नई पार्टी बनाई थी, तब उन्होंने भी पार्टी छोड़ दी थी। लेकिन कुछ समय बाद वह फिर भाजपा में लौट आए थे। डॉ रविंद्र राय कोडरमा से भाजपा के सांसद भी रह चुके हैं। उन्हें झारखंड में कद्दावर नेता माना जाता है।
झारखंड में बीजेपी के स्टार प्रचारक में नरेन्द्र मोदी, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृहमंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह के साथ प्रदेश से बाबूलाल मरांडी, अमर कुमार बाउरी और पूर्व प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र राय को स्टार प्रचारक बनाया गया है। स्टार प्रचारकों की लिस्ट में पूर्व सांसद कड़िया मुंडा, जामताड़ा से चुनाव लड़ रहीं सीता सोरेन और पूर्व मुख्यमंत्री और चाईबासा से प्रत्याशी चम्पाई सोरेन भी हैं। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी, ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी, छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव भी राज्य में स्टार प्रचारक होंगे।
