
सीवान। नीट परीक्षा के कथित पेपर लीक मामले को लेकर हुए छात्र आंदोलन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हुई हिंसक झड़प के बाद पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इसी कड़ी में नौतन थाना क्षेत्र के खलवां गांव स्थित पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा के आवास सहित दर्जनों स्थानों पर छापेमारी कर पुलिस ने पूर्व विधायक के निजी सहायक (पीए) समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य आरोपितों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्र संगठनों द्वारा देशव्यापी विरोध-प्रदर्शन किया गया था। सीवान में भी विभिन्न छात्र संगठनों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने आंदोलन में भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान स्थिति बिगड़ने पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान पुलिस पर पथराव किया गया, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज और अन्य उपायों का सहारा लिया।
इस घटना में पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा सहित 40 से अधिक पुलिसकर्मियों तथा दर्जनों प्रदर्शनकारियों के घायल होने की बात सामने आई है। घटना के बाद पुलिस ने वीडियो फुटेज, सीसीटीवी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर उपद्रवियों की पहचान शुरू की है।
इसी क्रम में नौतन थाना पुलिस ने खलवां गांव स्थित पूर्व विधायक अमरजीत कुशवाहा के आवास सहित कई स्थानों पर छापेमारी की। नौतन थानाध्यक्ष जितमोहन कुमार ने बताया कि कार्रवाई के दौरान पूर्व विधायक के पीए विश्वकर्मा सिंह, विशुनपुरा गांव निवासी माले नेता पवन कुशवाहा तथा खलवां गांव निवासी अनिल राम को गिरफ्तार किया गया है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि हिंसा में शामिल अन्य लोगों की पहचान की जा रही है। उनकी गिरफ्तारी के लिए जिले के विभिन्न क्षेत्रों में लगातार छापेमारी जारी है। पुलिस का कहना है कि हिंसा और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा तथा सभी के विरुद्ध विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
