रांची। मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने रांचीवासियों के लिए बड़ी सौगात की घोषणा करते हुए कहा कि जल्द ही शहर को तीन नए फ्लाईओवर मिलने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय, कांके रोड में आयोजित बैठक में उन्होंने पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों के साथ हरमू (सहजानंद चौक–एसीबी कार्यालय), अरगोड़ा चौक–कटहल मोड़ और करम टोली चौक–साइंस सिटी फ्लाईओवर परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की।

हरमू फ्लाईओवर की टेंडर प्रक्रिया पूरी : मुख्यमंत्री ने बताया कि हरमू (सहजानंद चौक) से एसीबी कार्यालय तक बनने वाले फ्लाईओवर की टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। यह फ्लाईओवर रांची के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक पर बन रहा है और इसके बनने से हरमू बाईपास रोड और रातू रोड पर लगने वाले भीषण ट्रैफिक जाम से लोगों को राहत मिलेगी।

अरगोड़ा चौक–कटहल मोड़ फ्लाईओवर : मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अरगोड़ा चौक पर गोलचक्कर (रोटरी) बनाया जाए ताकि कई महत्वपूर्ण सड़कों को जोड़ा जा सके। इस फ्लाईओवर से शहर के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों का कनेक्टिविटी नेटवर्क और मजबूत होगा।

करम टोली चौक–साइंस सिटी फ्लाईओवर : बैठक में करम टोली चौक से साइंस सिटी तक 4 लेन एलिवेटेड फ्लाईओवर का प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रोजेक्ट न सिर्फ ट्रैफिक जाम कम करेगा, बल्कि डॉक्टर्स कॉलोनी से हिल व्यू बरियातू रोड तक सड़क कनेक्टिविटी को भी सुगम बनाएगा।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version