
रांची। रांची के कांके थाना क्षेत्र में राजन तिर्की की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान संजय गाड़ी, आकाश महली उर्फ चुद्ध और नीतिन उरांव के रूप में हुई है। इनके पास से 7.65 एमएम का पिस्टल, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा, बाइक और तीन स्मार्टफोन बरामद किए गए हैं। डीएसपी अमर कुमार पांडेय ने शनिवार को बताया कि आठ सितंबर की रात चौड़ी बस्ती स्थित मसना के पास गोली चलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस को सड़क पर खून के निशान मिले, लेकिन कोई घायल नहीं मिला। खून के निशान का पीछा करते हुए पुलिस पोटपोटो नदी तक पहुंची। इसके बाद नदी में तलाशी अभियान चलाया गया। ड्रोन की मदद से भी नदी और आसपास के इलाके में खोजबीन की गई।
11 सितंबर की सुबह जयप्रकाश नगर के पास पोटपोटो नदी में एक शव तैरता मिला। शव की पहचान कांके के चामा (बुकरू) निवासी राजन तिर्की के रूप में हुई। उसके दाहिने कान के पास गोली लगने का गहरा जख्म मिला था। जांच के दौरान पुलिस को संजय गाड़ी, आकाश महली और नीतिन उरांव की संलिप्तता के सुराग मिले, जिसके बाद तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस के अनुसार, संजय गाड़ी को कार बेचने के लिए नौ हजार रुपये अग्रिम मिले थे। आरोप है कि राजन तिर्की समेत कुछ लोग उस राशि से पार्टी करने का दबाव बना रहे थे। इसी बात को लेकर विवाद हुआ था। जांच के अनुसार, मसना के पास पार्टी के दौरान संजय और राजन के बीच विवाद बढ़ गया। आरोप है कि इसी दौरान संजय ने कमर में रखे 7.65 एमएम के पिस्टल से राजन को गोली मार दी। गोली लगने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद संजय ने साथियों की मदद से शव को पोटपोटो नदी में बहा दिया, ताकि साक्ष्य मिटाए जा सकें।
पुलिस के मुताबिक, मुख्य आरोपित संजय गाड़ी का आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ सुखदेवनगर थाना में वर्ष 2022 में चोरी और चोरी का सामान रखने से संबंधित मामला दर्ज है। पुलिस हत्या की घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।

