
रांची। राजधानी रांची के अशोक नगर स्थित बड़े कारोबारी अखिलेश पांडेय के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी के मामले में गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुख्य आरोपी इरफान की पत्नी और उसकी प्रेमिका को गिरफ्तार किया है। दोनों की निशानदेही पर 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए हैं। वहीं, मुख्य आरोपी इरफान की तलाश में झारखंड पुलिस बिहार, पश्चिम बंगाल, दिल्ली, उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र समेत कई राज्यों में लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस जांच में सामने आया है कि इरफान चोरी से अर्जित रकम का इस्तेमाल अपने गांव में सड़क निर्माण, गरीब बेटियों की शादी और मेडिकल कैंप जैसे सामाजिक कार्यों में भी करता था। उसकी पत्नी पूर्व में जिला परिषद सदस्य रह चुकी है। पुलिस के अनुसार, इरफान कई बार विभिन्न राज्यों की पुलिस के हत्थे चढ़ चुका है। वर्ष 2021 में गाजियाबाद पुलिस, 2023 में पुणे पुलिस ने पंजाब के जालंधर से और 2024 में केरल पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया था। हालांकि, हर बार जमानत पर रिहा होने के बाद वह फिर से चोरी की वारदातों को अंजाम देने लगा।
सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि इरफान के खिलाफ देश के करीब 20 राज्यों में 100 से अधिक चोरी के मामले दर्ज हैं। उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार, बिहार के सीतामढ़ी जिले के गाड़ा जोगिया गांव का रहने वाला इरफान बेहद साधारण और गरीब परिवार से था, लेकिन अपराध की दुनिया में कदम रखने के बाद उसने करोड़ों रुपये की संपत्ति अर्जित कर ली। अपनी पहचान छिपाने के लिए वह जगुआर, ऑडी और मर्सिडीज जैसी लग्जरी कारों से वीआईपी इलाकों की रेकी करता था। कई बार वह हवाई यात्रा कर अलग-अलग राज्यों में जाकर चोरी की वारदातों को अंजाम देता था। पुलिस के मुताबिक, वह चोरी के दौरान हथियार का इस्तेमाल नहीं करता था, बल्कि पेचकस और वायर कटर की मदद से घर में प्रवेश कर नकदी और आभूषण लेकर फरार हो जाता था।
