रांची। नौकरी के कागजात वेरिफाई कराने पहुंचे अभ्यर्थी के साथ नगड़ी सीओ ने बदसलूकी की थी। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इस मामले को लेकर रांची के उपायुक्त राहुल सिन्हा की ओर से सीओ राकेश कुमार श्रीवास्तव के खिलाफ राज्य सरकार से रविवार को कार्रवाई की अनुशंसा की गयी है। इसकी पुष्टि उपायुक्त ने की है। उन्होंने बताया कि पूरे मामले की जांच कराकर स्पष्टीकरण देकर सरकार के पास भेजा गया है। मामले में अग्रतर कार्रवाई राज्य सरकार की ओर से की जायेगी।

युवक नीकू महतो ने बताया था कि आद्रा रेल मंडल में चतुर्थ श्रेणी पद पर नौकरी लगी है। उसे 13 जून तक जॉइनिंग के लिए कैरेक्टर सर्टिफिकेट जमा करना है। इसे लेकर वह अंचल और प्रखंड कार्यालय की दौड़ लगा रहा था। लेकिन अंचलकर्मी उसे टहला रहे थे। 29 मई को नीकू नगड़ी सीओ राकेश श्रीवास्तव से मिला। इस पर सीओ ने कहा कि वह पुलिस अधीक्षक से कैरेक्टर सर्टिफिकेट बनवा कर लाये। उसके बाद ही उसके कागजात पर वह हस्ताक्षर करेंगे। निकू की मानें तो वह एसपी के यहां से कैरेक्टर सर्टिफिकेट बनवा कर फिर से सीओ के पास पहुंचा। इस पर सीओ ने उसे डांट कर भगा दिया। साथ ही उसे बर्बाद करने की धमकी भी दे दी। बाद में सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद सीओ ने उसके कैरेक्टर सर्टिफिकेट पर हस्ताक्षर कर दिया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version