रांची।झारखंड मुक्ति मोर्चा की राज्यसभा सांसद महुआ माजी का भीषण सड़क हादसा हुआ है। लातेहार में उनकी कार एक ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में सांसद महुआ माजी, उनके बेटे, बहू और ड्राइवर घायल हो गए। हादसा महाकुंभ से वापसी के दौरान हुआ। कार चला रहे बेटे सोमबीत माजी के अनुसार, नींद की झपकी आने से हादसा हुआ। माजी को गंभीर चोटें आईं और उन्हें RIMS, रांची रेफर किया गया।

एनएच-75 पर खुशबू ढाबा के पास हादसा

जानकारी के अनुसार, यह घटना लातेहार जिले के होटवाग एनएच-75 पर खुशबू ढाबा के पास हुई। उनकी कार एक खड़े ट्रक से टकरा गई। इस हादसे में माजी के साथ उनके बेटे सोमबीत माजी, बहू कृति श्रीवास्तव माजी और ड्राइवर भूपेंद्र बासकी भी घायल हो गए। परिवार महाकुंभ से स्नान कर वापस लौट रहा था।

सदर अस्पताल में प्राथमिक उपचार

हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत लातेहार सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टर सुनील कुमार भगत ने उनका प्राथमिक उपचार किया। माजी की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें रांची के रिम्स अस्पताल रेफर कर दिया गया। उनके बाएं हाथ की कलाई में फ्रैक्चर हुआ है। अन्य घायलों की स्थिति स्थिर बताई जा रही है।

महाकुंभ से लौट रहा था परिवार

महुआ माजी के बेटे सोमबीत मांजी ने कहा कि हम लोग महाकुंभ से स्नान कर लौट रहे थे। इसी दौरान होटवाग के समीप नींद आने के कारण कार एक ट्रक में जा टकरा गई। जिससे कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई। उस समय कार सोमबीत खुद चला रहे थे।

क्या बोले डॉक्टर

डॉ. सुनील कुमार भगत ने माजी की चोटों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि राज्यसभा सांसद को बाएं हाथ की कलाई में चोट लगने के कारण फ्रैक्चर हो गया है। प्राथमिक उपचार के बाद रांची रिम्स रेफर कर दिया गया है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version