
रांची। झारखंड में राज्यसभा की दो सीटों की चुनावी सरगर्मी के बीच रांची विधानसभा से एक बेहद चौंकाने वाली और दिलचस्प तस्वीर सामने आई। मतदान प्रक्रिया के दौरान राज्य के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अचानक भाजपा विधायकों के खेमे में पहुंच गए। सत्तापक्ष और विपक्ष के बीच जारी तीखी राजनीतिक बयानबाजी के इतर, सीएम सोरेन वहां मौजूद भाजपा विधायकों के साथ काफी सहज नजर आए। उन्होंने विपक्षी नेताओं के साथ न केवल काफी देर तक बातचीत की, बल्कि उनके साथ चाय भी पी। मतदान के दौरान जब सभी दलों के विधायक विधानसभा में मौजूद थे, तब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का अचानक भाजपा विधायकों के बीच जाना हर किसी के लिए कौतूहल का विषय बन गया। दोनों पक्षों के नेताओं के बीच हुई इस अनपेक्षित मुलाकात ने मौके पर मौजूद मीडियाकर्मियों और अन्य राजनीतिक विश्लेषकों को चौंका दिया।झारखंड विधानसभा परिसर में जहां भाजपा विधायक आपस में चर्चा कर रहे थे और चाय पी रहे थे। तभी हेमंत सोरेन की नजर पड़ी। उन्होंने कहा कि अरे चाय पी रहे। उनके बीच मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी उनके साथ शामिल हो गए। इस दौरान माहौल काफी हल्का-फुल्का और दोस्ताना नजर आया, जिसने चुनाव की तनावपूर्ण सरगर्मी को कुछ पलों के लिए कम कर दिया।
