
नयी दिल्ली।भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कॉन्स्टिट्यूशन क्लब ऑफ इंडिया (Constitution Club of India) में अपनी 25 साल पुरानी पकड़ बरकरार रखते हुए सचिव (प्रशासन) पद के चुनाव में भाजपा के ही नेता संजीव बालियान को मात दी। यह मुकाबला क्लब के इतिहास में सबसे कड़े चुनावों में से एक माना जा रहा है, जिसमें केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष जे.पी. नड्डा, कांग्रेस की सोनिया गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई दिग्गज नेताओं ने मतदान किया।



रूडी ने आधी रात के बाद पत्रकारों से कहा कि उन्होंने 100 से अधिक वोटों से जीत दर्ज की है और उनके पैनल के अन्य सदस्य भी विजयी हुए हैं। उन्होंने इसे “सभी सांसदों और समर्थकों के लिए खूबसूरत जीत” करार दिया।
क्लब चुनाव जीतने पर भाजपा सांसद राजीव प्रताप रूडी ने कहा, “… मैं 100 से ज़्यादा वोटों से जीता हूं और अगर इसे 1000 वोटों से गुणा किया जाए, तो यह संख्या 1 लाख हो जाती है। यह मेरे पैनल की जीत है मैं आभार व्यक्त करना चाहूंगा। सभी पार्टियों के नेताओं ने इसमें भागीदारी ली… मेरे पैनल में बीजेपी, कांग्रेस, सपा, टीएमसी, TDP और निर्दलीय के सदस्य थे सबकी मेहनत से ये कामयाबी मिली है तो मैं उन सभी को आभार व्यक्त करना चाहूंगा… मुझे लगता है मेरे सांसद मित्रों और मेरी टीम और मुझे पिछले दो दशकों की मेहनत का फल मिला।”
करीब 1,295 वर्तमान और पूर्व सांसदों की मतदाता सूची में से 680 से अधिक वैध मत डाले गए, जो अब तक के सबसे अधिक मतदान प्रतिशतों में से एक है। इससे पहले रूडी कई बार निर्विरोध चुने गए थे, लेकिन इस बार दो बार के पूर्व सांसद संजीव बालियान ने उन्हें चुनौती दी।

