रांची। राजधानी रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान बादल छाने और ठंडी हवाएं चलने से तापमान में 02 से 03 डिग्री के गिरावट दर्ज की गई है। रांची में अधिकतम तापमान 39 डिग्री से गिरकर 37 डिग्री, पलामू में 45 डिग्री से गिरकर 43 डिग्री और जमशेदपुर में भी भी अधिकतम तापमान गिरकर 39 डिग्री से 36 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।

मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने गुरुवार को बताया कि आने वाले चार-पांच दिनों तक रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में गर्जन के साथ बारिश होने और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना है। बारिश होने से अधिकतम तापमान में और गिरावट होने की संभावना है। विभाग ने 29 मई को भी राज्य के उत्तर पश्चिम जिले (गढ़वा, पलामू, लातेहार और चतरा) को छोड़कर शेष 20 जिलों में बारिश और आकाशीय बिजली गिरने की संभावना व्यक्त की है। साथ ही इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से तेज आंधी चलने की भी संभावना है। इसे लेकर विभाग की ओर से आॅरेंज अलर्ट जारी किया गया है।

गुरुवार को रांची और आसपास के इलाकों में सुबह से मौसम साफ रहा और कड़ी धूप रही। कड़ी धूप के कारण लोगों को भीषण गर्मी महसूस हुई। पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य में सबसे अधिक तापमान डाल्टनगंज में 43.5 डिग्री और सबसे कम न्यूनतम तापमान खूंटी में 21.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। वहीं इस दौरान राज्य में सबसे अधिक बारिश पश्चिमी सिंहभूम के मंझारी में 49.3 मिलीमीटर रिकार्ड की गई। राज्य के जिन अन्य इलाकों में भी बारिश दर्ज की गई उनमें मझगांव में 35.2 मिमी, खूंटी जिले के दियाकेल में 28 मिमी, चाईबासा में 23.8 मिमी, तांतनगर में 20.2 मिमी, बोकारो थर्मल में 15.8 मिलीमीटर, नीमडीह में 12.6 मिमी और मनोहरपुर में 10.6 मिमी सहित अन्य शामिल हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version