
कोलकाता। बंगाल विधानसभा चुनावों के बाद राजनीतिक सरगर्मियों के बीच ईडी ने शनिवार सुबह तृणमूल कांग्रेस के कद्दावर नेता और कमारहाटी के विधायक मदन मित्रा के ठिकानों पर तबाड़तोड़ छापेमारी की। नगर पालिका (म्यूनिसिपैलिटी) भर्ती घोटाले की जांच के सिलसिले में ईडी की टीमों ने कोलकाता और उसके आसपास के लगभग सात ठिकानों पर एक साथ दस्तक दी है। केंद्रीय सुरक्षा बलों की भारी तैनाती के बीच जांच एजेंसी मित्रा के भवानीपुर और कालीघाट स्थित दोनों आवासों पर दस्तावेजों को खंगाल रही है। इसके अलावा ईडी की एक टीम बेहाला इलाके में भी छापेमारी कर रही है।
यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब ठीक एक दिन पहले शुक्रवार रात को मदन मित्रा ने कमारहाटी नगर पालिका के चेयरमैन गोपाल साहा के साथ कथित दुर्व्यवहार के विरोध में अपने सभी पार्षदों को सामूहिक इस्तीफे का फरमान सुनाया था।
हालिया विधानसभा चुनावों में जहां एक तरफ तृणमूल कांग्रेस को करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा है, वहीं कमारहाटी सीट से मदन मित्रा अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे थे। हालांकि, पार्टी के भीतर जारी अंतर्कलह और जगह-जगह रंगदारी व भ्रष्टाचार के आरोपों में पार्षदों की गिरफ्तारियों ने टीएमसी को बैकफुट पर धकेल दिया है।
