जमशेदपुर। बाबा बैद्यनाथ सेवा संघ की ओर से आयोजित नि:शुल्क कांवर यात्रा के तहत रविवार को 1000 कांवरियों का जत्था सुल्तानगंज के लिए रवाना हुआ। कांवरियों को रवाना करने के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास, भारत सेवा श्रम संघ के प्रमुख श्रीधर जी महाराज, मानगो नगर निगम की मेयर सुधा गुप्ता और बहरागोड़ा के पूर्व विधायक कुणाल सारंगी विशेष रूप से मौजूद थे। अतिथियों ने कांवरियों को मंगलमय यात्रा की शुभकामनाएं देते हुए बाबा बैद्यनाथ से सभी की मनोकामना पूरी होने की कामना की। मानगो डिमना रोड स्थित हीरा होटल के सामने दुर्गा पूजा स्थल पर आयोजित कार्यक्रम में कदमा, सोनारी, बिष्टुपुर, साकची और मानगो से पंजीकृत कांवरिया एकत्र हुए। गेरुआ वस्त्रों में सजे श्रद्धालुओं के हाथों में कांवर और मुख पर बोलबम के जयकारे थे। शंख, डमरू, ढोल और मंजीरे की ध्वनि से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कांवरियों के प्रस्थान से पहले धार्मिक अनुष्ठान और सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कदमा और बिष्टुपुर के श्रद्धालु रंकणी मंदिर के समीप पूजा-अर्चना करने के बाद डिमना रोड पहुंचे, जबकि सोनारी के कांवरिया भी पूजा-अर्चना कर मुख्य आयोजन स्थल पर पहुंचे। यहां 11 पुरोहितों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच कांवरियों को आशीर्वाद दिया।

इसके बाद जैसे ही कांवरियों का जत्था डिमना रोड से सुल्तानगंज के लिए निकला, पूरा मार्ग बोलबम के जयकारों से गूंज उठा। गेरुआ वस्त्र पहने सैकड़ों श्रद्धालुओं के कारण डिमना रोड का नजारा पूरी तरह शिवमय हो गया। कांवरियों को बसों और अन्य वाहनों से सुल्तानगंज भेजा गया।

संघ के संस्थापक सदस्य विकास सिंह ने बताया कि यह यात्रा का नौवां वर्ष है। इसकी शुरुआत 151 श्रद्धालुओं के साथ हुई थी। कोविड काल में दो वर्षों तक यात्रा स्थगित रही, लेकिन इसके बाद श्रद्धालुओं की संख्या लगातार बढ़ी और इस वर्ष करीब 1000 शिवभक्त नि:शुल्क कांवर यात्रा में शामिल हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह यात्रा पूरी तरह नि:शुल्क है और श्रद्धालुओं की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाता है।

आठ दिनों तक चलने वाली यात्रा में कांवरियों के लिए वाहन, ठहरने के लिए धर्मशाला, भोजन, स्वास्थ्य सुविधा और विभिन्न पड़ावों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम की व्यवस्था की गई है। जमशेदपुर से रवाना होने के बाद पूर्णिया की धर्मशाला में रात्रि भोजन की व्यवस्था रहेगी। सुल्तानगंज पहुंचकर श्रद्धालु उत्तरवाहिनी गंगा से जल भरेंगे और वहां से कांवर लेकर पैदल बाबा बैद्यनाथ धाम की यात्रा शुरू करेंगे। बाबा बैद्यनाथ धाम में जलार्पण और पूजा-अर्चना के बाद कांवरिया बासुकीनाथ धाम जाएंगे। वहां जलार्पण करने के बाद सभी श्रद्धालु वापस जमशेदपुर लौटेंगे।

कार्यक्रम में राजकुमार श्रीवास्तव, योगेश्वर ठाकुर, करणी सेना के अध्यक्ष हरी सिंह राजपूत, अनमोल वर्मा, बिपिन झा, विष्णु भगवान पाठक, खगेन चंद्र महतो, हरेन्द्र पांडे, अमरनाथ सिंह सहित बड़ी संख्या में शहर के गणमान्य लोग मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version