
नई दिल्ली। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आज शाम दिल्ली पहुंचे। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन आईटीसी मौर्य होटल के सबसे भव्य सुइट, चाणक्य सुइट में ठहरेंगे। पिछले कुछ सालों में इस सुइट ने कई विदेशी नेताओं की मेजबानी की है। विरासत और विलासिता को खुद में समेटे हुए 4,600 वर्ग फीट में बने हुए इस सुइट का किराया 8 से 10 लाख रुपए प्रति दिन बताया जाता है।
चाणक्य सुइट की आंतरिक साज-सज्जा की बात करें तो इसमें हर ओर भव्यता नजर आती है। रेशमी पैनल वाली दीवारें, गहरे रंग की लकड़ी के फर्श और तैयब मेहता की कलाकृतियां और अर्थशास्त्र से प्रेरित चित्र सहित अमूल्य कलाकृतियां इसकी शोभा बढ़ाती हैं।
भव्य और आलीशान डाइनिंग हॉल : इस सुइट को प्राचीन भारतीय शाही वैभव और आधुनिकता के मिश्रण के रूप में तैयार और डिजाइन किया गया है। इसका उद्देश्य राष्ट्राध्यक्षों को एक ऐसा स्थान प्रदान करना है जो शाही और निजी दोनों का अहसास कराए।
