रांची। भारत-पाकिस्तान सीमा पर तेजी से बढ़ते तनाव और पाकिस्तान द्वारा भारत के कई क्षेत्रों में की गई गोलीबारी को देखते हुए झारखंड सरकार का स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड में आ गया है।
राज्य सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने शुक्रवार को इसकी जानकारी देते हुए कहा कि स्वास्थ्य महकमा किसी तरह की आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह से तैयार है। उन्होंने सरकारी चिकित्सकों की छुट्टियां रद कर दी हैं।
मंत्री के अनुसार, राज्य के सभी अस्पतालों, चिकित्सकों और चिकित्सा संसाधनों को हाई अलर्ट पर रखा गया है। सभी सिविल सर्जनों और सरकारी चिकित्सकों को निर्देशित किया गया है कि वे अपने कार्यस्थलों पर चौबीस घंटे सातों दिन उपलब्ध रहें।

राज्य सरकार ने सभी निजी अस्पतालों को भी चौबीसों घंटे सेवा में तैनात रहने का निर्देश दिया है ताकि कहीं भी कोई चिकित्सीय शून्यता न पैदा हो। राज्य के कैंटोनमेंट और सीमावर्ती क्षेत्रों के अस्पतालों को विशेष बजट दिया गया है और अतिरिक्त मेडिकल स्टाफ, उपकरण व दवाओं की आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।

आक्सीजन, जरूरी दवाइयां और आर्थोपेडिक सुविधाओं को भी विशेष रूप से तैयार रखा गया है। स्वास्थ्य मंत्री ने यह भी कहा कि झारखंड के चिकित्सक न केवल राज्य के नागरिकों की सुरक्षा के लिए बल्कि जरूरत पड़ने पर सीमा पर जाकर सेना के साथ खड़े होने के लिए भी तैयार हैं। जरूरत पड़ी तो वे स्वयं चिकित्सकों की टीम लेकर बॉर्डर पर जाएंगे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version