कोडरमा। निजी स्कूल में पढ़ने वाले छात्र राज कुमार की प्रिंसिपल ने बेरहमी से पिटाई कर दी। पीठ और शरीर के अन्य हिस्सों में दाग इस क्रूरता की गवाही दे रहे हैं। दरअसल जिले के असनाबाद स्थित साईं इंटरनेशनल पब्लिक स्कूल में पढ़ने वाले सात वर्षीय छात्र राज कुमार के साथ स्कूल के ही प्रिंसिपल की ओर से कथित रूप से मारपीट की गई। घटना शुक्रवार की है, वहीं छात्र के परिजनों ने शनिवार को नवलशाही थाना में जाकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई है।

परिजनों का कहना है कि छात्र ने जब अपनी नोट्स की कॉपी पानी में भिंगा दी, तो स्कूल के प्रिंसिपल रितेश कुमार ने गुस्से में आकर उसे डांटा और फिर डंडे से पीटा।

इस मारपीट में बच्चे के पीठ और अन्य जगहों पर गंभीर चोट के निशान आ गए हैं और कई जगह त्वचा छिल गई है। राज कुमार के मामा और नवलशाही थाना अंतर्गत जमडीहा निवासी भानु प्रताप सिंह ने बताया कि उनका भांजा राज कुमार पिछले तीन महीने से स्कूल के हॉस्टल में रहकर पढ़ाई कर रहा है।

वह शुक्रवार को स्कूल पहुंचे, जहां इस घटना की जानकारी मिली। बच्चे के हाथ पर चोट का निशान था, जब कपड़े हटाकर देखा तो शरीर के अन्य हिस्सों पर चोट के गहरे निशान थे। उन्होंने बच्चे को तुरंत नवलशाही स्थित एक निजी क्लिनिक में इलाज के लिए भर्ती कराया।

इधर नवलशाही थाना प्रभारी शशिभूषण कुमार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और परिजनों की ओर से दी गई शिकायत के आधार पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस पूरे घटनाक्रम पर स्कूल के प्रिंसिपल रितेश कुमार ने अपनी गलती स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि छात्र ने पिछले छह महीनों के नोट्स को नुकसान पहुंचा दिया था। वह आक्रोश में आकर यह अनुचित कदम उठा बैठे। उन्होंने कहा कि छात्र के परिजनों से माफी भी मांग ली है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version