
धनबाद। संगठित अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कुख्यात अपराधी प्रिंस खान के करीबी सहयोगी सैफी उर्फ मेजर को दुबई से भारत लाए जाने के बाद कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया है। इस गिरफ्तारी के बाद सुरक्षा एजेंसियां उससे गहन पूछताछ कर रही हैं। धनबाद के डीएसपी (लॉ एंड आॅर्डर) नौशाद आलम और सिंदरी डीएसपी आशुतोष सत्यम अपनी टीम के साथ कोलकाता पहुंच चुके हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपित को रविवार को धनबाद लाया गया, जहां उससे गैंग के नेटवर्क, फंडिंग और अन्य आपराधिक गतिविधियों को लेकर पूछताछ होगी।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक सैफी लंबे समय से झारखंड के व्यापारियों के बीच दहशत का नाम बना हुआ था। वह प्रिंस खान के इशारे पर व्यवसायियों को धमकाकर रंगदारी वसूलने और अवैध वित्तीय लेनदेन का संचालन करता था। गैंग के संचालन में उसकी भूमिका बेहद अहम मानी जा रही है। धनबाद के एसएसपी प्रभात कुमार ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपित पर लंबे समय से नजर रखी जा रही थी और दुबई से भारत लाते ही उसे कोलकाता एयरपोर्ट पर गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि प्रिंस खान ने अपना ठिकाना दुबई से बदलकर पाकिस्तान कर लिया है। गिरोह पर आरोप है कि वह झारखंड के बड़े कारोबारियों को निशाना बनाकर रंगदारी की रकम हवाला के जरिए विदेश भेजता रहा है। अधिकारियों ने इस गिरफ्तारी को संगठित अपराध के खिलाफ चल रहे अभियान की बड़ी सफलता बताया है और उम्मीद जताई जा रही है कि पूछताछ में कई बड़े खुलासे हो सकते हैं।
