
नयी दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को लोगों से जल संरक्षण और एक पेड़ मां के नाम अभियान से जुड़ने की अपील की तथा बिहार से सीतामढ़ी में प्लास्टिक से बेंच तैयार करने के प्रयासों की सराहना की। मोदी ने रविवार को अपने मासिक रेडिया कार्यक्रम मन की बात में 04 जुलाई से शुरू कैच द रेन अभियान को जनांदोलन बनाने की अपील करते हुए कहा कि जहां और जब बारिश हो, वहीं उस पानी का संरक्षण करें। उन्होंने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत वर्षा जल संचयन, भूजल पुनर्भरण, पुराने जलाशयों के पुनर्जीवन तथा वृक्षारोपण को नयी गति दी जा रही है। उन्होंने अभियान में लोगों की बढ़ती भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त की और कहा कि कहीं पुराने तालाबों की गाद निकाली जा रही है, तो कहीं कुओं और बावड़ियों का पुनरुद्धार किया जा रहा है। जो बोरवेल अब उपयोग में नहीं हैं, उन्हें भूजल पुनर्भरण के माध्यम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री ने बिहार के सीतामढ़ी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किये जा रहे प्रयासों का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि एक ही बार इस्तेमाल होने वाले प्लास्टिक के कूड़े से निपटने के लिए स्थानीय लोगों ने प्रशासन की मदद से कचरे की रिसाइकिलिंग कर उससे आकर्षक बेंच बनाने का काम शुरू किया है। एक बेंच तैयार होने में करीब 40 किलोग्राम प्लास्टिक खप जाती है। यह मजबूत, टिकाऊ और आरामदायक होने के साथ-साथ पर्यावरण को नुकसान से भी बचाती है। इसे सरकारी स्कूलों, पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर लगाया जाता है। मोदी ने कहा कि इसके जरिये लोगों में पर्यावरण संरक्षण को लेकर जागरूकता भी बढ़ रही है। इस प्रयास में स्थानीय इकाई के साथ ही जिला प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका है। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी पैदा हो रहे हैं।
बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रविवार को पटना के जक्कनपुर स्थित भगवान उत्सव हॉल में आयोजित प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ह्यमन की बात के 136वें संस्करण के लाइव प्रसारण में भाग लिया। सम्राट चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री ने आज के कार्यक्रम में सीतामढ़ी में पर्यावरण संरक्षण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की सराहना कर बिहार के प्रयासों को राष्ट्रीय पहचान दिलाई है। इसके लिए उन्होंने प्रधानमंत्री के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह साबित करता है कि बिहार पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास की दिशा में गंभीरता से कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार अपनी समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर, कृषि उत्पादों, लोक परंपराओं और नवाचारों के माध्यम से देश की प्रगति में महत्वपूर्ण योगदान देता रहा है। प्रधानमंत्री द्वारा इन विशेषताओं और राज्य के सकारात्मक प्रयासों को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिए जाने से प्रदेशवासियों का उत्साह बढ़ा है। उन्होंने बिहार की ओर से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रति हार्दिक धन्यवाद और आभार व्यक्त किया।
