पटना । बाबू वीर कुंवर सिंह की जयंती को बिहार सरकार शौर्य दिवस के रूप में मनाती है। इस वर्ष 22 और 23 अप्रैल को शौर्य दिवस का आयोजन होगा। इस मौके पर वायुयानों का शौर्य प्रदर्शन पटना के जेपी गंगा पथ पर नजर आने वाला है। यह दिन पूरे बिहार खासकर पटनावासियों के लिए बेहद खास होने वाला है। प्रशासन की ओर से इससे संबंधित सभी तैयारी तकरीबन पूरी कर ली गई है। ऐसा पहली बार होगा, जब राजधानी पटना के आसमान में वायुसेना की सूर्यकिरण इकाई में शामिल विमान कलाबाजी दिखाएंगे। इस भव्य एयर शो को देखने के लिए पटना के सभ्‍यता द्वार के सामने हजारों लोग जुटेंगे। केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार समेत अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की पूरी संभावना है।


140 पदाधिकारी 400 कांस्‍टेबल व्‍यवस्‍था रखेंगे दुरुस्‍त
सभ्‍यता द्वार के सामने बिहार के गर्व का प्रदर्शन करने की तैयारी प्रशासन की ओर की जा रही है। यह तैयारी अपने अंतिम चरण में है। इसके लिए 140 पदाधिकारियों और 400 से अधिक कॉन्‍सटेबल और होमगार्ड जवानों की तैनाती की गई है। बिहार के मुख्‍यमंत्री नीतीश कुमार 23 अप्रैल को आयोजित होने वाले कार्यक्रम में मुख्‍य अतिथि के रूप में हिस्‍सा लेंगे। उनके साथ बिहार के दोनों उप-मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय कुमार सिन्‍हा के साथ बिहार सरकार के अन्‍य मंत्री व पदाधिकारी मौजूद रहेंगे।

पाराजंपर्स के हाथ में होगी वीर कुंवर सिंह की तस्‍वीर
23 अप्रैल को पटना में “शौर्य दिवस विजयोत्सव” मनाया जाएगा। इस समारोह के दौरान भारतीय वायु सेना के पाराजंपर्स बाबू वीर कुंवर सिंह की तस्वीर और तिरंगे के साथ करतब दिखाएंगे। ये राष्ट्रभक्ति और शौर्य का अनूठा प्रदर्शन होगा। नीतीश सरकार ने बाबू वीर कुंवर सिंह के नाम पर विश्वविद्यालय, कृषि विश्वविद्यालय और गंगा नदी पर सेतु का निर्माण करवाया। जो नीतीश कुमार की ओर से बाबू कुंवर सिंह के योगदान के प्रति आभार दिखाता है। यह पहल न केवल बिहार के गौरवशाली इतिहास बल्कि यह प्रयास बाबू वीर कुंवर सिंह के बलिदान को सच्ची श्रद्धांजलि भी है, जो हर बिहारी के दिल में गर्व का भाव पैदा करता है।


कहां-कहां किसके लिए होगी पार्किंग
ऐयरोबैटिक शो के दौरान पटना ट्रैफिक पुलिस ने यातायात व्‍यवस्‍था में व्‍यापक बदलाव किया है। शहर में जाम न लगे और लोगों को अस‍ुविधा न हो। इसके लिए कई पार्किंग जोन बनाए गए हैं। दानापुर और अशोक राजपथ से आने वाले दर्शकों को अपना वाहन जेपी सेतु घाट, दीघा घाट, 88 और 93 नंबर घाट पर पार्क करना होगा।

गायघाट से सभ्यता द्वार की ओर आने वालों के लिए पटना कॉलेज ग्राउंड, साइंस कॉलेज ग्राउंड और कृष्णा घाट के पास पार्किंग व्‍यवस्‍था की गई है। जेपी गोलंबर से आने वाली भीड़ के लिए गांधी मैदान में पार्किंग की व्यवस्था की गई है। इस दिन गाड़‍ियों को खड़ा करने के लिए सभी गेट खोल कर रखे जाएंगे। ताकि लोगों को वाहनों की पार्किंग में कोई समस्‍या न हो और वाहन हर दिशा से आसानी से पार्क किए जा सकें। इसके अलावा, महेंद्र घाट, कलेक्ट्रेट घाट और कदम कुआं घाट पर भी पार्किंग की सुविधा होगी। एलसीटी घाट के अंडरपास से गुजरने वाले वाहनों के लिए जेपी गंगा पथ की एक लेन में पार्किंग की व्यवस्था की गई है।

यहां-यहां होगा रूट डायवर्जन
राजधानी के अलग अलग रास्‍तों से आने वाले वाहनों के रूट डायवर्ट किए गए हैं। 22 और 23 अप्रैल की सुबह 6:00 से 11:00 बजे तक मुख्य यह डायवर्जन प्रभावी रहेंगे। एलसीटी घाट का एप्रोच रोड वन-वे किया गया है। ताकि एयर शो में शामिल होने वाले लोग आसानी से जेपी गंगा पथ पहुंच सकें। बापू सभागार में आयोजित एक अन्य कार्यक्रम के लिए आने वाले वाहनों को जेपी सेतु, अटल पथ और आर ब्लॉक होते हुए गांधी मैदान के गेट नंबर 10 पर पार्क कराया जाएगा। छोटे वाहनों के लिए बापू सभागार की अंडरग्राउंड पार्किंग उपलब्ध कराई गई है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version