
मुंबई । मुंबई के बांद्रा टर्मिनल पर रविवार सुबह भगदड़ मचने से नौ लोग घायल हो गए। यह घटना प्लेटफॉर्म संख्या एक पर सुबह 5 बजकर 56 मिनट पर हुई, जब यात्री बांद्रा-गोरखपुर एक्सप्रेस (22921) ट्रेन में चढ़ने के लिए एकत्र हुए थे। नगर निकाय के एक अधिकारी के अनुसार, ट्रेन में चढ़ने के दौरान हुई धक्का-मुक्की के चलते भगदड़ मच गई।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के अधिकारी ने बताया कि सभी घायलों को तुरंत भाभा हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है। घायलों की पहचान शबीर अब्दुल रहमान (40), परमेश्वर सुखदर गुप्ता (28), रवींद्र हरिहर चूमा (30), रामसेवक रवींद्र प्रसाद प्रजापति (29), संजय तिलकराम कांगे (27), दिव्यांशु योगेंद्र यादव (18), मोहम्मद शरीफ शेख (25), इंद्रजीत सहानी (19) और नूर मोहम्मद शेख (18) के रूप में की गई है।
बता दें, दीपावली व छठ के कारण स्टेशन पर यात्रियों का जमावड़ा है। इसके कारण अफरा तफरी का माहौल बना हुआ है। हालांकि रेलवे का दावा है कि उसने त्योहारों को लेकर स्पेशल ट्रेनें चलाई हैं, लेकिन यह ट्रेनें नाकाफी साबित हो रही हैं। प्रशासन ने भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त सुरक्षा कर्मियों की तैनाती कर दी है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
