
नई दिल्ली। संसद मार्च के दौरान हुई हिंसा के मामले में दिल्ली पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने अब तक अलग-अलग घटनाओं को लेकर 10 एफआईआर दर्ज की हैं। अधिकारियों के अनुसार, सभी मामलों की जांच जारी है और उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, संसद मार्ग थाने में चार, कनॉट प्लेस (सीपी) थाने में तीन तथा मंदिर मार्ग, बाराखंभा रोड और कर्तव्य पथ थानों में एक-एक एफआईआर दर्ज की गई है। इनमें से एक मामला संसद सत्र के दौरान हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र नई दिल्ली में बिना अनुमति ड्रोन उड़ाने से संबंधित है।
दिल्ली पुलिस ने बताया कि रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) के एक जवान पर हमले के मामले में भी एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग आरएएफ जवान के साथ मारपीट करते और आरएएफ के वाहन पर पथराव व तोड़फोड़ करते दिखाई दे रहे हैं। फिलहाल ये सभी एफआईआर अज्ञात लोगों के खिलाफ दर्ज की गई हैं।
जांच एजेंसियां उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान के लिए 250 से अधिक वीडियो की जांच कर रही हैं। इनमें मोबाइल फोन से बनाई गई रिकॉर्डिंग, सीसीटीवी फुटेज, ड्रोन कैमरों के दृश्य और पुलिस के बॉडी-वॉर्न कैमरों की फुटेज शामिल हैं।
गौरतलब है कि सोमवार को पेपर लीक और परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के विरोध में तथा केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर हजारों प्रदर्शनकारियों ने जंतर-मंतर से संसद की ओर मार्च किया था। इस दौरान प्रदर्शनकारियों ने बैरिकेड्स तोड़ दिए, जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हो गई। घटना में कई पुलिसकर्मी और प्रदर्शनकारी घायल हुए थे।
