नई दिल्ली । पीएम मोदी ने लाल किले पर ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी ली। प्रधानमंत्री ने लाल किले की प्राचीर से 13वीं बार देशवासियों को संबोधित करते हुए खेल पर भी बात की। उन्होंने कहा कि ओलंपिक खेलों के लिए प्रतिभाओं को ढूंढने के लिए गांव-गांव टैलेंट हट चलाया जाएगा।

पीएम मोदी ने कहा, ‘आज भारत खेल की दुनिया में जगह बना रहा है। भारत का राष्ट्रगान आज दुनिया में हर पोडियम में सुनाई देता है। टॉप्स योजना ने इसे काफी बढ़ावा दिया है। खेलो इंडिया गेम्स, स्पोर्ट्स के लिए कोचिंग, स्पोर्ट्स मेडिसिन, आदि में युवाओं के लिए काफी जगह बनी है। हम 2036 में ओलंपिक के मजबूत दावेदार बनकर उभर रहे हैं।’

खेल की दुनिया में भारत बना रहा अपनी जगह : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत खेल की दुनिया में अपनी जगह बना रहा है। उन्होंने कहा, ‘हम अक्सर अपना राष्ट्रगान सुनते हैं और बहुत बार तिरंगे को ऊंचा होते देखते हैं। टॉप्स योजना ने बड़ी सफलता हासिल की है। चाहे खेलो इंडिया गेम्स हों, यूनिवर्सिटी गेम्स, बीच गेम्स, विंटर गेम्स, खेल प्रशिक्षण, स्पोर्ट्स मेडिसिन या स्पोर्ट्स न्यूट्रिशन, भारत बहुत तेजी से आगे बढ़ रहा है।’

मोदी ने कहा कि भारत का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है और वह 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए मजबूत दावेदार है। उन्होंने यह भी बताया कि भारत 2030 में राष्ट्रमंडल खेलों की मेजबानी करेगा। प्रधानमंत्री ने कहा, ‘ओलंपिक में करीब 40 खेल विधाएं और लगभग 350 स्पर्धाएं होती हैं। यह दुखद है कि हम इनमें से कम से कम दो-तिहाई स्पर्धाओं में हिस्सा तक नहीं ले पाते, क्योंकि हम क्वालिफाई ही नहीं कर पाते।’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version