
नई दिल्ली । केंद्र की सत्ताधारी भारतीय जनता पार्टी ने अब देश की राजधानी दिल्ली पर भी कब्जा जमा लिया है। करीब 27 साल बाद दिल्ली विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने शानदार जीत दर्ज की। पार्टी की जोरदार जीत के बाद दिल्ली स्थिति बीजेपी मुख्यालय पर खास आयोजन किया गया है। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत तमाम आला नेता पहुंचे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी पार्टी मुख्यालय पहुंच चुके हैं, जहां उनका दिल्ली बीजेपी सांसदों ने भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया। एक दशक की आपदा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है। आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है।
बीजेपी मुख्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली में, दिल्ली के लोगों में एक उत्साह भी है और एक सुकून भी है। उत्साह विजय का है और सुकून दिल्ली को AAP-दा से मुक्त कराने का है। प्रधानमंत्री ने कहा कि दिल्ली चुनाव से पहले मैंने हर दिल्ली वासी के नाम एक पत्र भेजा था और आप सबने हर परिवार में मेरा ये पत्र पहुंचाया था। मैंने दिल्ली से प्रार्थना की थी कि 21वीं सदी में बीजेपी को सेवा का अवसर दीजिए, दिल्ली को विकसित भारत की विकसित राजधानी बनाने के लिए भाजपा को मौका दीजिए।
पीएम मोदी बोले- शॉर्टकट राजनीति का शॉर्ट सर्किट हो गया
पीएम मोदी ने कहा कि मैं दिल्ली के हर परिवारजन को मोदी की गारंटी पर भरोसा करने के लिए सिर झुकाकर नमन करता हूं। मैं दिल्ली वासियों के आभार व्यक्त करता हूं। आम आदमी पार्टी पर अटैक करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि शॉर्टकट राजनीति का शॉर्ट सर्किट हो गया। जिन्हें मालिक होने का घमंड था उन्हें दिल्ली ने नकारा। पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली ने दिल खोलकर हमें प्यार दिया है और मैं दिल्ली वासियों को फिर से एक बार विश्वास दिलाता हूं कि आपके इस प्यार को सवा गुना करके विकास के रूप में हम लौटाएंगे।
पीएम मोदी ने कहा कि आज के नतीजों का एक और पक्ष भी है। हमारा दिल्ली सिर्फ एक शहर नहीं है, ये दिल्ली मिनी हिंदुस्तान है, ये लघु भारत है। दिल्ली एक भारत-श्रेष्ठ भारत के विचार को जीती है। लोकसभा चुनाव में जीत के बाद हमने पहले हरियाणा में अभूतपूर्व रिकॉर्ड बनाया। फिर महाराष्ट्र में नया रिकॉर्ड बनाया। अब दिल्ली में नया इतिहास रच गया है।
दिल्ली के बीजेपी कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी : पीएम मोदी ने कहा कि तीन-तीन बार लोकसभा में शत-प्रतिशत विजय दिलाने के बाद भी देश भर के और दिल्ली के भाजपा कार्यकर्ताओं के मन में एक टीस थी। ये टीस दिल्ली की पूरी तरह से सेवा न कर पाने की थी। आज दिल्ली का ऐसा कोई क्षेत्र नहीं, ऐसा कोई वर्ग नहीं जहां कमल न खिला हो। हर भाषा बोलने वालों ने, हर राज्य के लोगों ने दिल्ली में भाजपा के कमल निशान पर वोट दिया है।
पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता : पीएम मोदी ने कहा कि मैं तो पूर्वांचल से सांसद हूं। पूर्वांचल से मेरा अपनेपन का रिश्ता है। पूर्वांचल के लोगों ने प्यार और विश्वास की नई ऊर्जा दे दी, नई ताकत दे दी। इसलिए मैं पूर्वांचल के लोगों का, पूर्वांचल के एक सांसद के नाते विशेष रूप से आभार व्यक्त करता हूं। आज अयोध्या के मिल्कीपुर में भी भाजपा को शानदार जीत मिली है। हर वर्ग ने भारी संख्या में बीजेपी के लिए मतदान किया है। आज देश तुष्टिकरण नहीं, बल्कि भाजपा के संतुष्टिकरण की पॉलिसी को चुन रहा है। दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है।
धरना-प्रदर्शन की राजनीति ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया : पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली में धरना-प्रदर्शन की राजनीति, टकराव और प्रशासनिक अनिश्चितता ने दिल्ली के लोगों का बहुत नुकसान किया है। आज दिल्ली के विकास के सामने से एक बड़ी रुकावट आप सब दिल्ली वासियों ने दूर कर दी है। AAP-दा वालों ने मेट्रो का काम आगे बढ़ाने से रोका, इन AAP-दा वालों ने झुग्गी वालों को घर देने से रोका, इन AAP-दा वालों ने आयुष्मान भारत योजना का लाभ भी दिल्ली के लोगों को नहीं मिलने दिया। पूरा देश जानता है कि जहां NDA है वहां सुशासन है, विकास है, विश्वास है। NDA का हर कैंडिडेट, हर जन प्रतिनिधि लोगों के हित में काम करता है। देश में NDA को जहां भी जनादेश मिला है, हमने उस राज्य को विकास की नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
दिल्ली के लोगों ने आप-दा को बाहर कर दिया- पीएम मोदी
पीएम मोदी ने कहा कि आज दिल्ली की जनता ने साफ कर दिया है कि दिल्ली की असली मालिक सिर्फ और सिर्फ दिल्ली की जनता है। जिनको दिल्ली का मालिक होने का घमंड था, उनका सच से सामना हो गया। दिल्ली के इस जनादेश से ये भी स्पष्ट है कि राजनीति में शॉर्टकट के लिए, झूठ और फरेब के लिए कोई जगह नहीं है। आज की ये विजय ऐतिहासिक है। दिल्ली के लोगों ने AAP-दा को बाहर कर दिया है। एक दशक की AAP-दा से दिल्ली मुक्त हुई है। दिल्ली का जनादेश स्पष्ट है – आज दिल्ली में विकास, विजन और विश्वास की जीत हुई है। आज आडंबर, अराजकता, अहंकार और दिल्ली पर छाई AAP-दा की हार हुई है।
पीएम मोदी ने कांग्रेस पर भी जमकर अटैक किया। उन्होंने कहा कि देश किसी भी कीमत पर कांग्रेस पर भरोसा करने को तैयार नहीं है। कांग्रेस हर कदम पर बर्बाद हो रही। कांग्रेस की सोच अर्बन नक्सली जैसी है। विजय मिलने पर नम्रता को न छोड़ें। पीएम मोदी ने कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि हम सेवा के लिए आए हैं। इस अवसर को सेवा में खपा दें।
दिल्ली NCR के हर प्रदेश में बीजेपी का शासन : पीएम मोदी ने कहा कि पहली बार दिल्ली NCR के हर प्रदेश में बीजेपी का शासन आया है। ये आजादी के बाद पहली बार हुआ है। राजस्थान, हरियाणा और उत्तर प्रदेश जैसे हर पड़ोसी राज्य में भाजपा की सरकारें हैं। ये बहुत ही सुखद संयोग है। इस एक संयोग से दिल्ली और पूरे NCR में तरक्की के अनगिनत रास्ते खुलने जा रहे हैं। हमारी कोशिश होगी कि आने वाले समय में इस पूरे क्षेत्र में मोबिलिटी और इंफ्रास्ट्रक्चर पर ढेर सारा काम हो। और इस क्षेत्र के नौजवानों को भी तरक्की के नए नए अवसर मिलें।
बीजेपी सरकार दिल्ली को आधुनिक शहर बनाएगी : पीएम मोदी ने कहा कि दिल्ली की जनता टूटी सड़कें, कूड़े के ढेर, ओवर फ्लो सीवर और प्रदूषित हवा से त्रस्त रही है। अब यहां बनने वाली बीजेपी सरकार दिल्ली को विकास की ऊर्जा के साथ एक आधुनिक शहर बनाएगी। देश की नारी शक्ति का आशीर्वाद हमारा सबसे बड़ा रक्षा कवच है। आज एक बार फिर, नारी शक्ति ने दिल्ली में मुझे अपना आशीर्वाद दिया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हम लोग हमारा सदा मंगल करने वाली यमुना देवी को नमस्कार करते हैं। लेकिन, उसी यमुना की इन लोगों ने कैसी दुर्दशा कर दी? दिल्ली का तो अस्तित्व ही मां यमुना की गोद में पनपा है। दिल्ली के लोग यमुना की इस पीड़ा को देखकर कितना आहत होते रहे हैं! लेकिन, दिल्ली की AAP-दा ने इस आस्था का अपमान किया।
