नई दिल्ली । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को 20वें रोजगार मेले में विभिन्न सरकारी संगठनों में 51 हजार से अधिक नवनियुक्त युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित किए। इस अवसर पर नव चयनित उम्मीदवारों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत का युवा हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब सरकार में रहते हुए आपकी जिम्मेदारी है कि युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए अपने काम को बखूबी निभाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रोजगार मेले का उद्घाटन किया।

प्रधानमंत्री मोदी ने एक कविता पढ़ते हुए कहा, “सूरज हमारा हो, समंदर भी हमारा हो। नाव हमारी हो, नाविक भी हमारा हो। लहरों पर विजय लिखें, वो हौसला हमारा हो।” उन्होंने कहा कि आज भारत का युवा इसी हौसले के साथ आगे बढ़ रहा है। अब आप सभी की भारत सरकार में रहते हुए ये जिम्मेदारी है कि देश के युवाओं की आकांक्षाओं को समझते हुए आप अपने काम को बखूबी निभाएं

 उन्होंने कहा कि देश में त्योहारों का समय शुरू हो चुका है। इन खुशियों के बीच आज का दिन हजारों परिवारों के जीवन में एक नई खुशी लेकर आया है। आज देश के 51 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं के लिए नियुक्ति पत्र मिल रहे हैं। आज आप जिस मुकाम पर पहुंचे हैं, उसके पीछे आपकी मेहनत तो है ही, इसके साथ ही आपके माता-पिता और आपके परिजनों की भी तपस्या है। पीएम मोदी ने कहा कि मैं आप सभी युवा साथियों को और आपके परिवारजनों को बहुत-बहुत बधाई देता हूं। जीवन की इस नई शुरुआत के लिए मैं सभी को शुभकामनाए भी देता हूं। आज आप सभी एक ऐसे समय में भारत सरकार से जुड़े हैं, जब देश एक बहुत बड़े लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रहा है। ये लक्ष्य 2047 तक विकसित भारत बनाने का है। इसमें आप जैसे युवाओं की बहुत बड़ी भूमिका है। सरकार में रहते हुए आपको हर वो निर्णय लेना है, जो विकसित और आत्मनिर्भर भारत के अभियान को निरंतर सशक्त करे।

उन्होंने कहा कि युवा होने के नाते विशेष तौर पर अन्य युवाओं के प्रति आपकी विशेष जिम्मेदारी है। आज आप देख रहे हैं कि हमारे युवाओं के टैलेंट और स्किल्स ने पूरी दुनिया का भरोसा जीता है। दुनिया को हमारे इनोवेटर, उद्यमी और हमारी युवाशक्ति से बहुत उम्मीदें हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version