
जमशेदपुर। शहर के चर्चित फिल्म प्रेमी पप्पू सरदार ने बॉलीवुड अभिनेत्री माधुरी दीक्षित के 58वें जन्मदिन को इस बार एक अनोखे और समाजिक कार्य से खास बना दिया। साकची मनोहर चौक पर हर वर्ष की तरह इस बार भी उन्होंने पूरे विधि-विधान से कार्यक्रम आयोजित कर न सिर्फ जन्मदिन का उत्सव मनाया, बल्कि तीन गरीब बेटियों का विवाह भी संपन्न कराया।



कार्यक्रम की शुरूआत बुधवार शाम भगवान की आराधना से हुई, जिसके बाद रात आठ बजे से तीन गरीब लड़कियों के विवाह की प्रक्रिया शुरू हुई। विवाह में वधु और वर के साथ उनके परिजन भी उपस्थित थे। पंडितों द्वारा मंत्रोच्चार के बीच सभी विवाह संस्कार पूरे किए गए। नवविवाहित जोड़ों को पप्पू सरदार ने अपनी शुभकामनाएं दीं और उन्हें घर-गृहस्थी में उपयोगी आवश्यक वस्तुएं दहेज स्वरूप भेंट कीं। रात 12 बजे माधुरी दीक्षित के जन्मदिवस के अवसर पर केक काटकर उनके दीर्घायु की कामना की गई। इस दौरान उपस्थित लोगों ने माधुरी के प्रसिद्ध गीतों पर जमकर नृत्य और उत्सव मनाया।
पप्पू सरदार ने कहा कि इस बार अपनी बहन माधुरी दीक्षित को जन्मदिन पर सबसे अनमोल तोहफा दिया है। तीन कन्याओं का विवाह कराकर मुझे कन्यादान करने का सौभाग्य मिला। उन्होंने बताया कि यह आयोजन आॅपरेशन सिंदूर को समर्पित है। वहीं, नवविवाहित जोड़ों ने पप्पू सरदार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी सहायता से हम अपनी नई जिंदगी की शुरूआत कर पा रहे हैं। उन्होंने भगवान से प्रार्थना की कि पप्पू भैया आगे भी इसी तरह लोगों की मदद करते रहें।

