
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को थका हुआ और अस्वस्थ होने की बात कहने वाले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव को सीएम नीतीश के बेटे निशांत कुमार ने जवाब दिया है। पटना में शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत के दौरान निशांत ने कहा कि पिताजी 100 प्रतिशत स्वस्थ हैं। साथ ही एक बार फिर से निशांत ने पिता नीतीश के कामों की तारीफ करते हुए कहा कि मेरे पिता ने अच्छा काम किया है। साथ ही अपील की, कि जनता फिर से उन्हें मुख्यमंत्री बनाए। विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव की ओर से नीतीश के स्वास्थ्य को लेकर उठने वाले प्रश्नों को निशांत ने पूरी तरह खारिज किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पूरी तरह स्वस्थ हैं। शत प्रतिशत फिट हैं।
महीने भर पहले पटना जिले के बख्तियारपुर में आयोजित एक समारोह में भी निशांत ने नीतीश कुमार के पक्ष में वोट करने की अपील की। उस समय भी उन्होंने विधानसभा चुनाव लड़ने के बारे में पूछे गए प्रश्न का उत्तर नहीं दिया था।
बता दें बीते कई मौकों पर तेजस्वी यादव सीएम नीतीश के स्वास्थ्य को लेकर निशाना साधते रहे हैं। तेजस्वी कह चुके हैं कि अब नीतीश थक गए हैं, वो अचेत रहते हैं, अधिकारी जितनाा बताते हैं, वहीं सही मानते हैं। वहीं दूसरी तरफ निशांत कुमार के एक्टिव राजनीतिक में एंट्री की अटकलों को बीच कयासबाजी जारी है।
