रामगढ़। पतरातू थाना क्षेत्र अंतर्गत सौंदा बस्ती सरैया टोला में देर शाम बाइक सवार अपराधियों ने कोयला व्यवसायी सह रेलवे रैक लिफ्टर गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू साव के आवास पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। अपराधियों ने इसी इलाके में सेल संचालक नीतीश कुमार के आवास के बाहर भी गोलियां चलाईं, जिससे पूरे क्षेत्र में भय का माहौल बना हुआ है। फायरिंग की यह पूरी वारदात पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।

स्थानीय लोगों के अनुसार अपराधी सयाल-सौंदा बस्ती की ओर से बाइक पर सवार होकर आए. घर के पास पहुंचे और अचानक अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी उसी रास्ते फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद पतरातू पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।

पुलिस ने घटनास्थल से कई खोखा बरामद जब्त किया है। घटनास्थल पर पतरातू एसडीपीओ गौरव गोस्वामी स्वयं मौजूद रहकर पूरे मामले की जांच की। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और संदिग्धों की पहचान में जुटी है।

इससे पहले 24 जनवरी 2023 को भुरकुंडा के बीच बाजार में गजानंद प्रसाद उर्फ गज्जू साव की गाड़ी पर अज्ञात अपराधियों ने फायरिंग की थी, जिसमें वे बाल-बाल बच गए थे। लगातार हो रही इन घटनाओं से लेवी वसूली की आशंका जताई जा रही है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच कर रही है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version