पटना। बिहार में आम लोगों की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए राज्य सरकार जल्द ही सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर पैनिक बटन लगाएगी। एडीजी (तकनीकी सेवाएं एवं संचार) अमित लोढ़ा ने पुलिस मुख्यालय सरदार पटेल भवन के सभागार में आयोजित संवाददाता सम्मलेन में बताया कि राज्य के सभी प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर जल्द ही पैनिक बटन लगाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि किसी तरह की आपात स्थिति या दुर्घटना या कोई वारदात होने की स्थिति में इस खास तरह के बटन (पैनिक बटन) को दबाने से तुरंत इसकी सूचना डॉयल-112 को चली जाएगी। इससे घटना स्थल पर जल्द से जल्द राहत एवं बचाव दल के अलावा पुलिस भी पहुंच जाएगी, जिससे पीड़ितों को तुरंत सहायता मुहैया कराई जा सके।एडीजी ने कहा कि आने वाले दिनों में डॉयल-112 का दायरा और अधिक बढ़ाया जाएगा,साथ ही इसके रिस्पांस टाइम को कम करना भी प्रमुख उदेश्य है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में इसका रिस्पांस टाइम 11 मिनट है। पिछले वर्ष की तुलना में इस वर्ष डॉयल-112 की क्षमता में 15 फीसदी की बढ़ोतरी हुई है। इसमें जल्द ही और सुधार करते हुए इसे देश की अग्रणी आपातकालीन सेवा में शामिल कर लिया जाएगा। इसमें प्रशिक्षित मानव बल के अलावा वाहनों की संख्या में भी बढ़ोतरी की जाएगी।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version