पलामू। जिले के पड़वा प्रखंड के सिक्का गांव में पिछले 24 घंटे के दौरान रहस्यमयी बीमारी से पिता-पुत्री की मौत हो गई है, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्यों की हालत गंभीर है। सभी को इलाज के लिए रिम्स में भेजा गया है। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। मौत के कारणों पता लगा रही है।

दरअसल, सिक्का गांव के रहने वाले कुलदीप महतो और उनकी बेटी को शरीर में सूजन होने के बाद इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया था। शुक्रवार की देर रात कुलदीप महतो की मौत हो गई, जबकि शनिवार की सुबह उनके बेटी बबीता कुमारी की भी मौत हो गई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

घर में कुलदीप महतो की पत्नी लाखो देवी, बहू स्वेता, बेटा नकुल महतो सहित एक अन्य बेटी भी बीमार हैं। स्थानीय ग्रामीण और रिश्तेदारों ने सभी को इलाज के लिए रिम्स भेज दिया है। सभी को शरीर में सूजन की शिकायत है।

इस संबंध में पाटन के चिकित्सा प्रभारी डॉ श्रवण मेहता ने बताया कि ग्रामीणों के माध्यम से मौत की जानकारी मिली है। डॉक्टरों की टीम को गांव भेजा गया है। पूरे मामले की जानकारी वरीय अधिकारियों को दी गई है और मौत के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version