इस्लामाबाद। पाकिस्तान के खैबर-पख्तूनख्वा में सेना की एक छावनी पर आतंकवादी हमले में 8 जवान मारे गए । आतंकियों ने विस्फोटकों से भरा वाहन परिसर की दीवार में घुसा दिया। हमला सोमवार की सुबह हुआ था, लेकिन सेना ने मंगलवार को इसके बारे में जानकारी दी। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग ने कहा कि आतंकवादियों ने 15 जुलाई की सुबह बन्नू छावनी पर हमला किया, लेकिन सुरक्षा बलों ने उनके परिसर में घुसने के प्रयास को विफल कर दिया। परिसर में घुसने में विफल होने के बाद आतंकवादियों ने विस्फोटक से लदे वाहन वाहन को छावनी परिसर की बाहरी दीवार में घुसा दिया। इधर पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत स्थित डेरा इस्माइल खान में एक ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पर आतंकी हमला हुआ है। हमले में 2 जवानों समेत सात लोगों की मौत हुई है। पाकिस्तानी सेना की मीडिया विंग आईएसपीआर ने मंगलवार, 16 जुलाई को इसकी जानकारी दी है। दो दिनों में पाकिस्तान के अंदर ये दूसरा बड़ा आतंकी हमला है। इसके पहले सोमवार को सेना के कैंप पर हमले में 8 जवान मारे गए थे। पाकिस्तानी मीडिया आउटलेट जियो न्यूज ने पाकिस्तानी सेना के हवाले से बताया है कि स्वास्थ्य केंद्र पर हमले में जिन पांच नागरिकों की मौत हुई है, वे स्वास्थ्य केंद्र के कर्मचारी थे। इनमें दो महिला स्वास्थ्य कर्मी और एक चौकीदार के अलावा दो नाबालिग शामिल थे। तीन आतंकी भी मारे गए हैं।

आईएसपीआर ने घटना के बाद एक बयान में कहा कि ’15 और 16 जुलाई की रात को आतंकवादियों ने डेरा इस्माइल खान जिले के किरी शामोजई स्थित ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्र पर कायरतापूर्ण हमला किया और आरएचसी के कर्मचारियों पर अंधाधुंध गोलीबारी की। बयान में आगे कहा गया कि स्वास्थ्य केंद्र में सफाई अभियान के लिए आस-पास के सुरक्षा बलों को तुरंत तैनात किया गया। इसके बाद हुए मुकाबले में सैनिकों ने तीन आतंकवादियों को मार गिराया। इस दौरान सुरक्षा बलों के दो जवान भी मारे गए।

हाफिज गुल बहादुर समूह पाकिस्तानी तालिबान (टीटीपी) का सहयोगी गुट है, जो हमलों को अंजाम देने के लिए अफगानिस्तान की जमीन का इस्तेमाल करता है। इस समूह ने हाल के दिनों में पाकिस्तानी सेना के खिलाफ बड़े हमले किए हैं। नवंबर 2023 पाकिस्तान ने इस्लामाबाद में अफगान राजनयिक मिशन के प्रमुख को तलब किया था और आतंकवादी समूह के नेता गुल बहादुर के प्रत्यर्पण की मांग की थी बन्नू कैंट पर हमला ऐसे समय में हुआ है जब पाकिस्तान ने हाल ही में आतंकवाद के खिलाफ नए आॅपरेशन अज्म-ए-इस्तेहकाम शुरू करने का ऐलान किया था। हाल ही में पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने कहा था कि पाकिस्तानी सैन्य बल आतंकियों के खिलाफ अफगानिस्तान में घुसकर कार्रवाई करेंगे।

10 आतंकी ढेर : सेना ने कहा कि आत्मघाती विस्फोट के कारण दीवार का एक हिस्सा ढह गया और आस-पास के बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा, जिसमें 8 जवान मारे गए। आईएसपीआर ने बताया कि सुरक्षा बलों ने हमले को नाकाम करते हुए सभी 10 आतंकियों को मार गिराया है। सेना के प्रवक्ता ने कहा है कि हमले को अफगानिस्तान से संचालित हाफिज गुल बहादुर समूह द्वारा किया गया था।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version