
रांची,। झारखंड राज्य के प्रणेता और प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिबू सोरेन को भारत रत्न देने की मांग को लेकर शुक्रवार से राष्ट्रीय युवा शक्ति के तत्वावधान में नेमरा से रांची तक पदयात्रा का शुभारंभ हुआ। पदयात्रा के पहले दिन, गुरूजी के पैतृक आवास नेमरा में कार्यक्रम हुआ। पदयात्रा में शामिल लोगों को गुरूजी की भतीजी रेखा सोरेन ने उनके घर की पवित्र मिट्टी दी। साथ ही उनके पैतृक घर में पौधारोपण भी किया गया।
राष्ट्रीय युवा शक्ति के केंद्रीय अध्यक्ष उत्तम यादव के नेतृत्व में 300 से अधिक कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। पदयात्रा का पहला दिन नेमरा से प्रारंभ होकर शुक्रवार रात गोला में विश्राम स्थल पर सम्पन्न हुआ। पदयात्रा सात सितंबर तक चलेगी। यात्रा के अंतिम दिन रांची के राजभवन पहुंचकर राज्यपाल के माध्यम से देश की राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को ज्ञापन सौंपा कर उनसे गुरुजी को भारत रत्न देने का मांग की जाएगी। इसके बाद मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी उनके घर की पवित्र मिट्टी एवं ज्ञापन सौंपा जायेगा।
पदयात्रा में मुख्य रूप से उमेश साहू, सावन लिंडा, नितेश वर्मा, शैलेश नंद तिवारी, रोहित यादव, सोनू गुप्ता, आर्यन मेहता, बबलू करमाली, दिलीप यादव, अमित वर्मा रौनक सिंह सहित कई अन्य शामिल हुए।
