पटना। बिहार में पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। जदयू विधायक अनंत सिंह जन सुराज के प्रत्याशी अनुज सिंह के समर्थन में प्रचार कर रहे हैं, वहीं एनडीए के नेता जदयू उम्मीदवार नीरज कुमार के पक्ष में चुनावी अभियान चला रहे हैं। इस बीच अनंत सिंह ने स्पष्ट कहा है कि उनकी लड़ाई किसी राजनीतिक दल से नहीं, बल्कि नीरज कुमार से है। उन्होंने दावा किया कि वह नीरज कुमार को हराकर रहेंगे।

विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार को मीडिया से बातचीत करते हुए अनंत सिंह ने बिहारवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सभी लोग खुशहाल रहें और युवा जीवन में तरक्की करें। साथ ही उन्होंने युवाओं को अपने माता-पिता की सेवा करने की सलाह देते हुए कहा कि माता-पिता का सम्मान और सेवा करने वाले लोग जीवन में आगे बढ़ते हैं।

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा गांधी मैदान में रावण दहन किए जाने को लेकर पूछे गए सवाल पर अनंत सिंह ने कहा कि राजनीति में इस तरह की गतिविधियां होती रहती हैं। इसमें कोई बड़ी बात नहीं है।

नीरज कुमार को हराने का किया दावा

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए की आठ सीटों पर जीत की संभावनाओं को लेकर सवाल पूछे जाने पर अनंत सिंह ने कहा कि उन्हें इन सब बातों की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा, “हमारी लड़ाई नीरज कुमार से है, किसी पार्टी से कोई लड़ाई नहीं है। हम नीरज को हराएंगे।”

अनंत सिंह ने नीरज कुमार पर निशाना साधते हुए कहा कि वह जनता और भगवान से ऐसे घमंडी व्यक्ति को हराने की प्रार्थना करते हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि नीरज कुमार पिछले 18 वर्षों से बिना किसी कारण उनके खिलाफ अपमानजनक टिप्पणियां करते रहे हैं। अनंत सिंह के मुताबिक, नीरज कुमार ने उनसे यह भी कहा था कि उनका नाम लेने से ही वह बड़े नेता बनेंगे।

एफआईआर और अस्पताल में भर्ती होने पर भी कसा तंज

बातचीत के दौरान अनंत सिंह के खिलाफ दर्ज एफआईआर को लेकर भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा कि पहले इस मामले को कुछ ही लोग जानते थे, लेकिन अब अधिक लोगों को इसकी जानकारी मिल जाएगी।

वहीं, जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार के अस्पताल में भर्ती होने से जुड़े सवाल पर भी अनंत सिंह ने तंज कसा। उन्होंने नीरज कुमार की तबीयत और जांच कराने को लेकर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह अक्सर जांच कराने जाते रहते हैं। साथ ही उन्होंने व्यंग्य करते हुए कहा कि दो घंटे बाद उन्हें वोट मांगते हुए भी सुना जा सकता है।

चुनावी मुकाबले के बीच बढ़ी बयानबाजी

पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में जदयू प्रत्याशी नीरज कुमार और जन सुराज के उम्मीदवार अनुज सिंह को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हैं। ऐसे में अनंत सिंह के बयान ने चुनावी माहौल को और गरमा दिया है। अब इस मुकाबले में नेताओं की बयानबाजी और चुनावी रणनीति पर सबकी नजरें टिकी हैं।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version