हजारीबाग। बरही में पवनपुत्र स्टील एंड एलॉय प्लांट की चिमनी में मंगलवार को हुए जोरदार ब्लास्ट में एक मजदूर की मौत हो गई जबकि पांच मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल हजारीबाग शहर के आरोग्यम अस्पताल लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने चार को रांची के लिए रेफर कर दिया।

जानकारी के अनुसार प्लांट की चिमनी में दोपहर करीब 12 बजे धमाके के साथ ब्लास्ट हुआ। ब्लास्ट इतना जोरदार था कि वहां काम कर रहे मजदूर हवा में दूर तक उछल गए। सभी 80 से 90 फीसदी झुलस गए थे। एक मजदूर जितेंद्र कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। रेफर किए गए घायलों में राजू, राजेश, शैलेश और रामदेव हैं। एक मजदूर नरेंद्र कुमार का इलाज आरोग्यम अस्पताल में चल रहा है।

बरही में झारखंड इंडस्ट्रियल एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (जियाडा) की ओर से इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जा रहा है। अस्पताल में मजदूरों का स्वास्थ्य की जानकारी लेने के लिए बरही के पूर्व विधायक मनोज यादव भी पहुंचे।

इधर, ब्लास्ट की वजह से फैक्टरी को भी काफी नुकसान पहुंचा है। ब्लास्ट कैसे हुआ, इसके बारे में फिलहाल प्लांट की ओर से आधिकारिक तौर पर कोई जानकारी नहीं दी गई है। घटना के बाद उप विकास आयुक्त प्रेरणा दीक्षित बरही घटनास्थल का जायजा लेने पहुंची।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version