
पटना। मानसून समाप्त होने के बाद जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष व राज्यसभा सदस्य नीतीश कुमार फिर से जिलों की यात्रा पर निकल सकते हैं। मंगलवार को जदयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा के आवास पर पहुंचे नीतीश से बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने फिर जिलों का दौरा करने का आग्रह किया। मिली जानकारी के अनुसार कार्यकर्ताओं के आग्रह पर नीतीश कुमार अक्टूबर से अपनी यात्रा फिर शुरू कर सकते हैं।पहले चरण में कुछ चुनिंदा जिलों का दौरा किए जाने की संभावना है। हालांकि, यात्रा का अंतिम कार्यक्रम अभी तय नहीं हुआ है। नीतीश कुमार की संभावित यात्रा के दौरान किन एजेंडों पर बात होगी, इसे भी तय किया जाएगा। संभावना है कि शराबबंदी के मुद्दे पर वह एक बार फिर जीविका दीदियों से संवाद कर सकते हैं। संजय झा के आवास पर मौजूद कार्यकर्ता अपने काम से संबंधित कागजात नीतीश कुमार को देना चाहते थे।इस पर नीतीश ने संजय झा से कहा कि आप सभी लोगों से मिलिए और उनकी समस्याओं से संबंधित कागजात ले लीजिए। नीतीश कुमार ने कई कार्यकर्ताओं से बातचीत भी की। वह करीब 10 मिनट तक संजय झा के आवास पर रहे। कार्यकर्ताओं के आग्रह के बाद एक बार फिर उनकी जिलों की यात्रा को लेकर राजनीतिक हलचल बढ़ गई है।




