रांची। झारखंड प्रदेश भाजपा की ओर से रविवार को 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राज्य के सभी 595 सांगठनिक मंडलों में व्यापक स्तर पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इन कार्यक्रमों में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, सांसदों, विधायकों, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और हजारों कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान सभी ने योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने का संकल्प लिया और इसके महत्व पर प्रकाश डाला।

राज्यभर में आयोजित योग कार्यक्रमों में भाजपा के कई प्रमुख नेताओं ने विभिन्न स्थानों पर योगाभ्यास किया। झारखंड भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद आदित्य प्रसाद साहू ने रांची महानगर के गामा सिंह स्मृति सभागार में योग किया। वहीं नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी ने रांची के ऑक्सीजन पार्क में योगाभ्यास किया।

पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा ने जमशेदपुर के घोड़ाबांधा क्षेत्र में, जबकि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास ने सिदगोड़ा सूर्य मंदिर परिसर में योगाभ्यास किया। इसके अलावा चंपाई सोरेन ने धुर्वा मंडल, मधु कोड़ा ने चाईबासा के जगन्नाथपुर क्षेत्र तथा भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने हरमू स्थित पटेल पार्क में योगाभ्यास किया।

केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने डोमचांच के चंद्रावती हाई स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया, जबकि रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने रांची में आयुष मंत्रालय द्वारा आयोजित योग कार्यक्रम में भाग लिया। विधानसभा के मुख्य सचेतक नवीन जायसवाल ने अरगोड़ा क्षेत्र में योगाभ्यास किया।

इसके अलावा प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश प्रसाद, बालमुकुंद सहाय, भानु प्रताप शाही, प्रदेश महामंत्री अमर कुमार बाउरी, गणेश मिश्रा, मनोज सिंह, दीपक प्रकाश, डॉ. प्रदीप वर्मा सहित कई वरिष्ठ पदाधिकारियों, सांसदों और विधायकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों में आयोजित कार्यक्रमों में भाग लेकर योग का संदेश जन-जन तक पहुंचाया।

रांची में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आदित्य साहू ने कहा कि योग केवल शरीर को स्वस्थ रखने की विधा नहीं है, बल्कि यह जीवन के चार पुरुषार्थ धर्म, अर्थ, काम और मोक्ष की प्राप्ति में भी सहायक है। उन्होंने कहा कि योग भारत की प्राचीन और अमूल्य धरोहर है, जो व्यक्ति को शारीरिक, मानसिक और आध्यात्मिक रूप से सशक्त बनाती है। योग एक संपूर्ण जीवनशैली है, जो संतुलित और स्वस्थ जीवन जीने की प्रेरणा देती है।

ऑक्सीजन पार्क में योगाभ्यास के बाद बाबूलाल मरांडी ने कहा कि योग भारत की सांस्कृतिक विरासत है, जिसे प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रयासों से वैश्विक पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति सदैव विश्व कल्याण और मानवता की भावना को बढ़ावा देती रही है। आज पूरी दुनिया योग के महत्व को समझ रही है और यह महसूस कर रही है कि योग शरीर और मन दोनों को स्वस्थ रखने का प्रभावी माध्यम है।

उन्होंने लोगों से प्रतिदिन कम से कम आधा घंटा योग करने की अपील करते हुए कहा कि नियमित योगाभ्यास से व्यक्ति कई प्रकार की बीमारियों से दूर रह सकता है और स्वस्थ जीवन जी सकता है।

भाजपा के संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह ने भी योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारतीय संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो शारीरिक स्वास्थ्य, मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन प्रदान करती है। उन्होंने आह्वान किया कि योग को केवल एक दिवस के आयोजन तक सीमित न रखा जाए, बल्कि इसे दैनिक जीवन का हिस्सा बनाया जाए।

संगठन महामंत्री ने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति योग को अपनाए तो स्वस्थ, सशक्त और सकारात्मक भारत के निर्माण का सपना साकार हो सकता है। राज्यभर में आयोजित इन कार्यक्रमों के माध्यम से भाजपा ने योग के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने और स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।—-

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version