
चतरा । झारखंड के चतरा जिले में एक पुरानी दुश्मनी के चलते कुछ लोगों ने मोहर्रम जुलूस के दौरान युवक की हत्या कर दी। इस हमले में युवक के चाचा को भी गंभीर चोटें आई हैं, जिनका फिलहाल अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चतरा जिले के सदर थाना क्षेत्र के गोड़हाई गांव में शुक्रवार देर रात यह वारदात हुई। बताया गया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान पुरानी रंजिश को लेकर बेखौफ हमलावरों ने एक युवक की घर में घुसकर निर्मम हत्या की। वहीं, बीच-बचाव करने आए उसके चाचा को भी चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया गया है। सामने आया कि मोहर्रम जुलूस के दौरान डीजे बंद कर कुछ हमलावर एक घर में घुसे। उन्होंने पहले परिवार वालों से पानी मांगा और फिर युवक शाहजहां को खोजना शुरू किया। युवक के सामने आते ही हमलावरों ने टांगी और भुजाली से उसकी जांघ पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस हमले में उसकी जांघ की मांसपेशियां बुरी तरह कट गईं और खून बहने लगा।भतीजे को लहूलुहान देख जब चाचा शबीर मियां उसे बचाने दौड़े, तो हमलावरों ने उनके सीने के दोनों तरफ चाकू से वार कर दिया। शबीर के सीने में कुल 13 टांके (एक तरफ 9, दूसरी तरफ 4) लगे हैं और उनका हजारीबाग में इलाज जारी है। वहीं, गंभीर रूप से घायल शाहजहां ने बेहतर इलाज के लिए रांची ले जाने के क्रम में रास्ते में ही दम तोड़ दिया।एक स्थानीय नागरिक ने बताया कि पीड़ित और आरोपी दोनों पड़ोसी हैं। रात 11 बजे से बाद दोनों में फिर से विवाद हुआ था। इसके बाद एक युवक की हत्या कर दी गई।परिजनों के अनुसार, तीन दिन पहले बच्चों को लेकर शाहजहां और आरोपियों के परिवारों के बीच बहस हुई थी। मोहर्रम के बाद इस विवाद को सुलझाने के लिए बैठक होनी थी, लेकिन उससे पहले ही इस हत्याकांड को अंजाम दे दिया गया।सदर थाना प्रभारी अवधेश सिंह ने बताया कि नामजद आरोपी बाप-बेटे, फरहान और फैजान की पहचान कर ली गई है। पुलिस ने कहा कि परिजनों की आवेदन के आधार पर मामले की गहन तफ्तीश और आरोपियों की गिरफ्तारी में जुटी है।

