
गिरिडीह । झारखंड में पुणे के ‘केतन सिया’ जैसे कांड की कहानी सामने आई है। पुणे के 26 वर्षीय व्यवसायी केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप उनकी मंगेतर सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी पर लगा था। इस मामले में दोनों की गिरफ्तारी भी हो गई। अब ऐसा ही मामला झारखंड के गिरिडीह से सामने आया है। इस मामले में अंतर बस इतना है कि युवती उर्मिला का प्रेमी उसका जीजा है। सिया ने केतन को धक्का देकर खाई में गिराया था, वहीं उर्मिला ने अपने होने वाले पति नीरज की चाकू से गोदकर हत्या की है। इसमें उसके जीजा ने साथ दिया और फिर जंगल में ले जाकर शव फेंक दिया। पुलिस ने इस मामले में दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, घटना गिरिडीह जिले के जमुआ चौक निवासी शुभम हाजरा ने अपने 20 वर्षीय बेटे नीरज हाजरा की शादी गिरिडीह की युवती उर्मिला से तय की थी। उर्मिला अपने जीजा सुभाष पासवान उर्फ राजदेव हाजरा से प्रेम करती थी। जब उसे पता चला कि उसकी शादी तय हो गई है तो उसे अपने प्रेमी यानी जीजा को खोने का डर सताने लगा। नीरज हाजरा से वो शादी नहीं करना चाहती थी। इसी वजह से उसने नीरज हाजरा की हत्या की प्लानिंग अपने जीजा सुभाष के साथ मिलकर कर ली।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, उर्मिला ने फोन कर नीरज हाजरा को झारखंड बिहार सीमा पर स्थित बेला जंगल के पास मिलने के लिए बुलाया। हत्याकांड की प्लानिंग के तहत उर्मिला और सुभाष बेला जंगल के पास पहुंच गए। यहां आने पर नीरज की चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद जंगल के अंदर शव फेंक दिया, ताकि जंगली जानवर उसे खा जाएं।
इधर जब नीरज घर नहीं लौटा तो पिता शुभम हाजरा परेशान हो गए। उन्होंने बेटे के गायब होने के लेकर गुमशुदगी का 5 जुलाई को मामला दर्ज करवा दिया। पुलिस ने नीरज के मोबाइल लोकेशन को ट्रेस किया तो लास्ट लोकेशन बेला जंगल इलाके के पास की मिली। पुलिस ने जांच की तो नीरज का शव 7 जुलाई को मिल गया।
नीरज की हत्या की वजह पुलिस को पता नहीं चल रही थी। घरवाले भी कह रहे थे कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं है। इस बीच पुलिस को पता चला कि नीरज की जल्द ही शादी होने वाली थी। फिर पुलिस के दिमाग में एकदम शक की सुई उसकी मंगेतर की ओर घूम गई।
एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस ने इसके बाद घटनास्थल पर एक्टिव मोबाइल की जानकारी जुटाई। इसमें नीरज की मंगेतर उर्मिला का भी मोबाइल उसी लोकेशन पर एक्टिव था। इसके बाद पुलिस ने उर्मिला को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की तो उर्मिला ने पूरी कहानी बता थी। इसके बाद उर्मिला के जीजा सुभाष को भी गिरफ्तार कर लिया गया। साथ ही हत्याकांड को अंजाम देने के लिए इस्तेमाल की गई स्कूटी, बाइक और दो चाकू बरामद कर लिए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
