
नयी दिल्ली: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ‘उद्योगपतियों के कर्ज माफ करने’ को लेकर सोमवार को केंद्र सरकार पर निशाना साधा और कहा कि अब सरकार का खजाना आम आदमी के लिए खोलने का समय है।
उन्होंने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘नरेन्द्र मोदी ने चंद अरबपतियों के 16 लाख करोड़ रुपये एक झटके में माफ कर दिये। इतने पैसों से मनरेगा जैसी क्रांतिकारी योजना 24 साल तक चलाई जा सकती थी।’’
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने आज सोमवार को मध्यप्रदेश के सिवनी में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, “देश में आदिवासियों की 8% आबादी है।
लेकिन.. जब आप हिंदुस्तान की सबसे बड़ी कंपनियों, मीडिया, कॉर्पोरेट कंपनियों के मालिकों की लिस्ट में देखेंगे तो वहां आपको एक आदिवासी नहीं मिलेगा।
हिंदुस्तान को सिर्फ 90 अफसर चलाते हैं, जिनमें सिर्फ 1 अफसर आदिवासी है। ये देश में आपकी भागीदारी है।
राहुल गांधी ने कहा, “आदिवासियों को उनका अधिकार देने के लिए हम पेसा कानून लाए, जमीन अधिग्रहण और ट्राइबल बिल लाए।
इंदिरा गांधी जी और कांग्रेस की सरकारों ने आदिवासियों को उनकी जमीन वापस दी और उसका हक आपको दिया। लेकिन BJP को जहां भी मौका मिलता है, आपकी जमीन छीनकर अडानी जैसे अरबपतियों के हवाले कर देती है।
वहीं जब आदिवासी युवा BJP से रोजगार और शिक्षा पर सवाल करता है, तो उनको पकड़कर जेल में डाल दिया जाता है।”
