रांची। गृह और सहकारिता मंत्री अमित शाह 20 जुलाई को विशेष विमान से रांची के बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट आयेंगे। वहां से सड़क मार्ग के जरिये प्रस्थान कर जगन्नाथ मैदान धुर्वा और भाजपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे। इसके बाद बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से विशेष विमान के जरिये पुणे के लिए प्रस्थान करेंगे। इस अवसर पर बिरसा मुण्डा विमानपत्तन से जगन्नाथ मैदान धुर्वा एवं भाजपा कार्यालय क्षेत्र में नो ड्रोन जोन रहेगा।

ड्रोन रुल 2021 और डिजिटल स्काई पोर्टल के अवलोकन से स्पष्ट है कि यह क्षेत्र रेड जोन में पड़ता है, अर्थात इसमें ड्रोन उड़ाने पर प्रतिबंध है। फिर भी सुरक्षा के दृष्टिकोण से निषेधात्मक कार्रवाई की आवश्यकता है। इस संबंध मं उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी राहुल कुमार सिन्हा ने अनुमंडल दण्डाधिकारी सदर को निर्देश दिये है।

इसे लेकर शुक्रवार को अनुमंडल दण्डाधिकारी सदर उत्कर्ष कुमार की ओर से बिएनएसएस की धारा-163 के अंतर्गत निम्न प्रकार की निषेधाज्ञा जारी किया। इस दौरान बिरसा मुण्डा एयरपोर्ट से हिनू चौक से बिरसा चौक से जगन्नाथ मैदान धुर्वा से भाजपा कार्यालय हरमू के 500 मीटर की परिधि को ड्रोन , पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून्स के संदर्भ में नो फ्लाई जोन घोषित किया जाता है तथा उक्त क्षेत्र में तथा उसके ऊपर ड्रोन, पैराग्लाइडिंग और हॉट एयर बैलून्स पूर्णत: वर्जित रहेंगी। यह निषेधाज्ञा 20 जुलाई को सुबह 05.00 बजे से रात 11.00 बजे तक के लिए लागू रहेगा।

गृह मंत्री के आगमन को लेकर रांची में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये है। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल की तैनाती की गयी है।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version