
पटना । बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और राज्यसभा सांसद नीतीश कुमार सोमवार को औचक निरीक्षण के लिए अचानक पटना स्थित जेडीयू प्रदेश कार्यालय पहुंच गए। उनके इस औचक दौरे से पार्टी दफ्तर में मौजूद नेताओं और कार्यकतार्ओं के बीच अचानक हलचल तेज हो गई और सभी अलर्ट मोड में आ गए। नीतीश कुमार के साथ जेडीयू एमएलसी संजय गांधी और उनके सुरक्षाकर्मी भी मौजूद थे।
दफ्तर में आज होने वाली मंत्रियों की जनसुनवाई से ठीक पहले नीतीश कुमार वहां पहुंचे थे। उन्होंने करीब 10 मिनट तक पूरे कार्यालय परिसर का घूम-घूमकर जायजा लिया और वहां मौजूद कुछ लोगों से बातचीत करने के बाद रवाना हो गए।
सोमवार को जेडीयू कार्यालय में बिहार सरकार के मंत्रियों की नियमित जनसुनवाई का कार्यक्रम तय था। आज बिहार सरकार के मंत्री लेशी सिंह, श्रवण कुमार और सुनील कुमार को कार्यकतार्ओं और आम जनता की समस्याओं को सुनने के लिए बैठना था। मंत्रियों के आने और जनसुनवाई की औपचारिक शुरूआत होने से ठीक पहले ही नीतीश कुमार का काफिला वहां पहुंच गया।
बिहार के मुख्यमंत्री की कुर्सी छोड़ने और राज्यसभा सांसद बनने के बाद भी नीतीश कुमार पार्टी के कामकाज को लेकर लगातार सक्रिय भूमिका में नजर आ रहे हैं। ये पहली बार नहीं है जब उन्होंने इस तरह से अचानक जेडीयू कार्यालय पहुंचकर सबको चौंकाया हो, इससे पहले भी वे कई बार औचक निरीक्षण कर चुके हैं। वे लगातार पार्टी नेताओं के संपर्क में हैं और संगठन की गतिविधियों की खुद मॉनिटरिंग कर रहे हैं।

