पटना । सीएम नीतीश कुमार ने बिहार चुनाव से पहले तोहफों की झड़ी लगा दी है। पहले 125 यूनिट फ्री बिजली का तोहफा दिया। उसके बाद पत्रकारों की पेंशन बढ़ा दी। अब इसी कड़ी में रविवार की सुबह-सुबह सीएम नीतीश कुमार ने बिहार के सफाई कर्मचारियों को गुड न्यूज दे दी है। नीतीश कुमार ने एक्स पर पोस्ट किया है कि ‘मुझे यह बताते हुए प्रसन्नता हो रही है कि बिहार राज्य में सफाई कर्मचारियों के अधिकारों एवं हितों की सुरक्षा, कल्याण, पुनर्वास, सामाजिक उत्थान, शिकायतों के निवारण तथा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की निगरानी सुनिश्चित करने के लिए मैंने बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग के गठन का विभाग को निर्देश दिया है।’

नीतीश के अनुसार ‘यह आयोग सफाई कर्मियों के हितों से संबंधित सुझाव, उनके अधिकारों की सुरक्षा के संबंध में सरकार को सुझाव देगा तथा सफाई कार्यों में लगे लोगों से संबंधित कल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा कर उसे लागू करवाने हेतु समुचित कार्रवाई करेगा।’

सीएम नीतीश ने आयोग की रूपरेखा भी तय कर दी है। उन्होंने कहा है कि ‘बिहार राज्य सफाई कर्मचारी आयोग में एक अध्यक्ष, एक उपाध्यक्ष एवं पांच सदस्य होंगे, जिनमें एक महिला/ट्रांसजेंडर होंगे। यह आयोग राज्य में सफाई कार्यों से जुड़े समाज के वंचित वर्ग के लोगों को मुख्य धारा में जोड़ने तथा उनके सामाजिक एवं आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।’

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version