
पटना । राजधानी पटना में आज राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) की टीम ने एक साथ दो जगह पर एक साथ छापेमारी की। एनआईए की टीम ने पटना के चित्रगुप्त नगर इलाके में छापेमारी की। ये छापेमारी साईं कुसुम इंफिनिटी अपार्टमेंट के दो फ्लैट, फ्लैट नंबर 1206 और 609 पर टीम ने छापेमारी की है। एनआईए की टीम के साथ स्थानीय चित्रगुप्त नगर थाने की पुलिस और STF की टीम भी मौजूद रही। बताया जा रहा है कि रांची में RSS कार्यालय पर हुए पेट्रोल बम से हमले को लेकर यह छापेमारी की गई है। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली से एक आरोपी को गिरफ्तार करने के बाद एनआईए की टीम तीसरी बार बुधवार को पटना पहुंची है। सूत्रों के मुताबिक, इस अपार्टमेंट के फ्लैट में रखे कुछ डिवाइस को बरामद करने की फिराक में लगी हुई है। अभी एनआईए की टीम मौके पर ही मौजूद है।



इसके पहले एनआईए की टीम ने पटना में चित्रगुप्त नगर इलाके में ज़ूडियो मॉल के पास मंगलवार को अनमोल कुमार मोदी नाम के व्यक्ति को हिरासत में लिया था। तलाशी अभियान में अनमोल के स्कूटर से कथित तौर पर करीब 20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए थे। एनआईए की टीम ने संदीप गुप्ता नाम के एक संदिग्ध के होने की सूचना पर छापा मारा था। हालांकि, संदिग्ध उस जगह पर नहीं मिला।
स्कूल से मिले थे 20 लाख कैश: छापेमारी के दौरान, साईं कुसुम इंफिनिटी अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स में रहने वाला अनमोल कुमार सुरक्षाकर्मियों को देखकर घबरा गया।उसने अपना स्कूटर निकाला और भागने की कोशिश करने लगा। STF के जवानों और चित्रगुप्त नगर पुलिस ने उसे रोका और उसके स्कूल की तलाशी ली। स्कूटर की डिक्की से कथित तौर पर लगभग 20 लाख रुपये से भरा एक बैग बरामद किया गया।
चकिया का रहने वाला है अनमोल : हिरासत में लिया गया अनमोल कुमार मोदी पूर्वी चंपारण जिले के चकिया का रहने वाला है। अधिकारियों के अनुसार, उसका परिवार अभी पटना के चित्रगुप्त नगर इलाके में रहता है। पुलिस ने अनमोल मोदी से नकद बरामदगी के बारे में इनकम टैक्स विभाग को भी जानकारी दे दी है।
लोहे की छड़ और स्क्रैप मेटल के कारोबार से जुड़ा है : स्थानीय लोगों ने बताया कि अनमोल लोहे की छड़ और स्क्रैप मेटल के कारोबार से जुड़ा है और कभी-कभार ही अपने पैतृक गांव जाता है। मंगलवार को चकिया में उसका घर बंद मिला और परिवार के सदस्यों के ठिकाने के बारे में तुरंत कोई जानकारी नहीं मिल सकी।

