
पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने कहा कि बिहार में आधारभूत संरचनाओं के विकास पर जोर दिया जा रहा है। इसके तहत राज्य में शहरी क्षेत्रों का विस्तार एवं नागरिक सुविधाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। साथ ही, राज्य में नए आधुनिक नियोजित शहरों का विकास किया जा रहा है। वहीं, ग्रामीण सड़कें 2 लेन की होंगी। मुख्यमंत्री ने शनिवार को वैशाली में समृद्धि यात्रा के दौरान पानापुर बटेश्वरनाथ धाम परिसर में चल रही विकास योजनाओं की समीक्षा की। इसके पहले उन्होंने जनसंवाद के दौरान लोगों को संबोधित भी किया। सीएम ने कहा कि शहरों में सुलभ संपर्कता के लिए 5 नई एक्सप्रेस-वे सड़कों का निर्माण और ग्रामीण सड़कों का चरणबद्ध तरीके से 2 लेन चौड़ीकरण की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।
इसके अतिरिक्त बिजली से जुड़ी आधारभूत संरचनाओं का सुदृढ़ीकरण किया जा रहा है। सभी इच्छुक लोगों के घरों की छतों पर सोलर पैनल लगाकर सौर ऊर्जा के उपयोग को बढ़ावा दिया जा रहा है। साथ ही राज्य के पर्यटन स्थलों को विकसित कर राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थलों के रूप में स्थापित किया जा रहा है। पर्यटन स्थलों को जोड़ने वाले सर्किट में सभी प्रकार की पर्यटकीय सुविधाओं का विकास किया जा रहा है। साथ ही इको टूरिज्म के विकास पर भी विशेष जोर दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना में विश्वस्तरीय स्पोर्ट्स सिटी के निर्माण के साथ ही राज्य के सभी जिलों में खेलों के लिए सेंटर आॅफ एक्सीलेंस की स्थापना की जा रही है। राज्य में राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं का लगातार आयोजन कराया जा रहा है। साथ ही प्रगति यात्रा से संबंधित 430 स्वीकृत योजनाओं तथा सात निश्चय-2 के बचे कार्यों को तेजी से पूरा किया जा रहा है।
समीक्षा बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रगति यात्रा से संबंधित स्वीकृत योजनाओं का क्रियान्वयन तेजी से करें। सात निश्चय-2 के तहत जो योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका बेहतर क्रियान्वयन करें। सात निश्चय-3 के तहत निर्धारित योजनाओं पर बेहतर ढंग से कार्य शुरू करें। अधिकारी पूरी प्रतिबद्धता के साथ योजनाओं को पूर्ण करें।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी व विजय कुमार सिन्हा, जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी, ऊर्जा व वैशाली जिला के प्रभारी मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, पुलिस महानिदेशक विनय कुमार, मुख्यमंत्री के सचिव अनुपम कुमार व डॉ. चन्द्रशेखर सिंह, तिरहुत के प्रमंडलीय आयुक्त गिरिवर दयाल सिंह, मुजफ्फरपुर प्रक्षेत्र के पुलिस उप महानिरीक्षक चंदन कुशवाहा, वैशाली की जिलाधिकारी वर्षा सिंह, पुलिस अधीक्षक विक्रम सिहाग उपस्थित थे।
