भुरकुंडा (रामगढ़)। रामगढ़-हजारीबाग जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाली रिभर साईड-गिद्दी दामोदर पुल निर्माण की मांग को लेकर चल रहे प्रयासों को बुधवार को बड़ी सफलता मिली। सांसद मनीष जायसवाल, विधायक रौशन लाल चौधरी, निर्मल महतो उर्फ तिवारी महतो एवं अरगडा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार ने पुल का नारियल फोड़कर शिलान्यास किया। करीब 17 करोड़ 48 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित इस पुल के निर्माण से क्षेत्रवासियों को आवागमन की बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है। पुल निर्माण की योजना सीसीएल के सीएसआर मद से तैयार की गई है। निर्माण कार्य में झारखंड सरकार की ओर से 25 प्रतिशत राशि का भुगतान किए जाने की बात कही गई। पुल का निर्माण कुमार एंड राय कंस्ट्रक्शन द्वारा स्टेट अथॉरिटी आॅफ झारखंड के तहत कराया जाएगा। पुल बनने से गिद्दी और रिवर साइड क्षेत्र के बीच आवागमन सुगम होने के साथ स्थानीय लोगों को रोजगार और व्यापारिक गतिविधियों में भी लाभ मिलने की उम्मीद है।

गुणवत्ता और निर्धारित मानकों का रखा जाएगा ध्यान: जायसवाल
शिलान्यास समारोह को संबोधित करते हुए सांसद मनीष जायसवाल ने कहा कि पुल निर्माण कार्य गुणवत्तापूर्ण तरीके से और निर्धारित मानकों के अनुरूप कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से पुल निर्माण की मांग कर रही थी। इस दिशा में अब सार्थक पहल धरातल पर उतर रही है। सांसद ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को लेकर वे संवेदनशील हैं और जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराने का प्रयास जारी रहेगा।

अब धरातल पर दिखा असर: रौशन लाल चौधरी
बड़कागांव विधायक रौशन लाल चौधरी ने कहा कि रिभर साईड-गिद्दी दामोदर पुल निर्माण की मांग को विधानसभा में प्रमुखता से उठाया गया था। लगातार प्रयासों का परिणाम है कि आज पुल निर्माण का शिलान्यास हो रहा है। उन्होंने कहा कि पुल बनने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी और व्यापारिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
मांडू विधायक तिवारी महतो ने गिद्दी-दामोदर बचाओ संघर्ष मोर्चा के लंबे आंदोलन और प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि उनकी मांग को लेकर चलाया गया आंदोलन अब सार्थक परिणाम तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि जनसमस्याओं का समाधान ही हमसबों की पहली प्राथमिकता है। हर हाल में समस्याओं का समाधान होगा और ग्रामीणों को सुविधाएं पहुंचाई जाएगी।

कार्यक्रम में इनकी रही मौजूदगी

मौके पर अरगड़ा महाप्रबंधक सत्यजीत कुमार, एसओपी राजेश, सांसद प्रतिनिधि रंजीत पांडेय, भाजपा नेता पुरुषोत्तम पांडेय, भाजपा जिला अध्यक्ष संजीव कुमार बाबला, विवेकानंद सिंह, आजसू जिला अध्यक्ष दिलीप दांगी, अमरेश सिंह, सतीश मोहन मिश्रा, योगेश दांगी, अजय पासवान, राकेश सिन्हा, ज्योति सिंह, डब्लू पांडेय, संतोष शर्मा, राजेश चौधरी, पूनम साव, गुंजन साव सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद थे।

Share.
Leave A Reply

Exit mobile version