
नई दिल्ली। इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भारतीय पायलट कैप्टन स्मित मच्छार को इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में शामिल होने का आमंत्रण दिया है। प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, नेतन्याहू ने शनिवार देर रात कैप्टन स्मित से फोन पर बातचीत की और उन्हें समारोह में मशाल जलाने के लिए आमंत्रित किया।बातचीत के दौरान नेतन्याहू ने कहा कि वह चाहते हैं कि कैप्टन स्मित और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इजरायल के स्वतंत्रता दिवस समारोह में जश्न की लौ थामें।



उन्होंने इसे इजरायल की ओर से दिए जाने वाले सबसे बड़े सम्मानों में से एक बताया।दरअसल, कैप्टन स्मित मच्छार ने बुधवार को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में एक गंभीर स्थिति के दौरान साहस और सूझबूझ का परिचय दिया था। विमान के कॉकपिट में सह-पायलट के हमले के बावजूद उन्होंने स्थिति को संभालने में अहम भूमिका निभाई। चोटिल होने के बावजूद उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद यात्रियों और क्रू सदस्यों ने हस्तक्षेप किया।
इस घटना के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया।इससे पहले दुबई के क्राउन प्रिंस और संयुक्त अरब अमीरात के उप प्रधानमंत्री हमदान बिन मोहम्मद ने शनिवार को अस्पताल में कैप्टन स्मित मच्छार से मुलाकात की। उन्होंने भारतीय पायलट के साहस और जिम्मेदारी की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया।
हमदान बिन मोहम्मद ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि कैप्टन स्मित ने साहस और जिम्मेदारी की सर्वोच्च मिसाल पेश की है। उन्होंने कहा कि यूएई के नेतृत्व की ओर से उन्हें पूरा सम्मान और प्रशंसा दी जाती है तथा उन्हें गर्व है कि कैप्टन स्मित उनकी टीम का हिस्सा हैं।वहीं, यूएई स्थित भारतीय दूतावास ने बताया कि कैप्टन स्मित मच्छार की हालत में सुधार हो रहा है। भारतीय मिशन उनके परिवार और स्थानीय अधिकारियों के संपर्क में है तथा उनके इलाज और जल्द स्वस्थ होने के लिए हरसंभव सहयोग दिया जा रहा है।

